Sunday , March 15 2026 9:54 AM
Home / News / ईरान के खर्ग आईलैंड पर अमेरिकी सेना का भीषण हमला, ट्रंप ने किया ऐलान, यहां हुआ कब्जा तो थम जाएगी तेहरान की अर्थव्यवस्था

ईरान के खर्ग आईलैंड पर अमेरिकी सेना का भीषण हमला, ट्रंप ने किया ऐलान, यहां हुआ कब्जा तो थम जाएगी तेहरान की अर्थव्यवस्था


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के खर्ग द्वीप जोरदार बमबारी की है। ट्रंप ने दावा किया कि इस हमले में द्वीप पर मौजूद हर सैन्य ठिकाना तबाह हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगला निशाना आइलैंड पर मौजूद अहम तेल ढांचे को बनाया जाएगा। फारस की खाड़ी में मौजूद खर्ग आइलैंड को ईरान की तेल अर्थव्यवस्था का दिल कहा जाता है। ईरान के तट से 25-30 किमी की दूरी पर स्थित इस आईलैंड से ईरान का लगभग 90 फीसदी कच्चा तेल निर्यात होता है।
खर्ग आईलैंड पर अमेरिकी हमला – ट्रंप ने शुक्रवार देर रात (अमेरिकी समयानुसार) अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘US सेंट्रल कमांड ने मध्य पूर्व के इतिहास में सबसे शक्तिशाली बमबारी में से एक को अंजाम दिया है, और ईरान के ‘क्राउन ज्वेल’ खर्ग आईलैंड पर मौजूद हर सैन्य ठिकाने को पूरी तरह तबाह कर दिया है।’
ट्रंप ने आगे लिखा, ‘मैंने द्वीप के तेल इंफ्रास्ट्रक्चर को तबाह न करने का फैसला किया है। हालांकि, ईरान या कोई और होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों से सुरक्षित और निर्बाध आवागमन में किसी भी तरह की रुकावट डालता है, तो मैं तुरंत अपने फैसले पर दोबारा विचार करूंगा।’ उन्होंने कहा कि ‘ईरान में ऐसी किसी चीज की रक्षा कर पाने की क्षमता नहीं है, जिस पर हम हमला करना चाहें।’
खर्ग आईलैंड पर कब्जा करेंगे ट्रंप? – 14 दिनों के युद्ध में पहली बार इस आइलैंड को निशाना बनाया गया है। इसके पहले तक अमेरिका और इजरायल ने पूरे ईरान में सैन्य ठिकानों, मिसाइल और न्यूक्लियर सुविधाओं पर हमले किए, लेकिन इस आईलैंड को छुआ तक नहीं गया था। इसी सप्ताह एक्सियोस की एक रिपोर्ट में बताया गया था कि ट्रंप प्रशासन इस आईलैंड के लिए सैन्य योजना पर विचार कर रहा है। इसमें खर्ग आईलैंड पर कब्जा करना भी शामिल है।
खर्ग आईलैंड ईरान के लिए क्यों है अहम? – खर्ग आईलैंड पर हमला ऐसे समय में हुआ है, जब अमेरिकी सेना ने 2500 सैनिक और एक एम्फीबियस असॉल्ट शिप को मध्य पूर्व में भेजने का आदेश दिया है। जेपी मॉर्गन की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, खर्ग आईलैंड ईरान की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत अहम है। विशेषज्ञों का कहना है कि एक सीधा हमला ईरान के कच्चे तेल के निर्यात के बड़े हिस्से को तुरंत रोक देगा। ईरान का 90 फीसदी तेल इसी आइलैंड से जहाजों में भरकर बाहर भेजा जाता है। ऐसे में इस द्वीप के ऊर्जा ठिकानों पर हमला होने से ईरान की तेल से होने वाली सारी कमाई एक झटके में रुक जाएगी।
ईरान ने पहले ही दे रखी है धमकी – विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि खर्ग आईलैंड में ईरानी तेल सुविधा को निशाना बनाए जाने पर होर्मुज जलडमरूमध्य में या खाड़ी देशों में ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर के खिलाफ गंभीर जवाबी हमले शुरू हो सकते हैं। एक दिन पहले ही ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने धमकी दी थी कि अगर उसके ऊर्जा ढांचे पर जरा सा भी हमला होता है तो वह क्षेत्र में मौजूद तेल और गैस को आग लगा देगा।