Sunday , March 29 2026 12:05 AM
Home / Business & Tech / iPhone 19 Pro: आईफोन की 20वीं सालगिरह पर ऐपल दे सकती है सरप्राइज, 200MP कैमरा से एंड्रॉयड को टक्कर!

iPhone 19 Pro: आईफोन की 20वीं सालगिरह पर ऐपल दे सकती है सरप्राइज, 200MP कैमरा से एंड्रॉयड को टक्कर!


iPhone ना खरीदने वाले लोगों के पास हमेशा एक वजह ये होती है कि उसका कैमरा बाकी प्रीमियम एंड्रॉयड फोन्स के मुकाबले कहीं ना कहीं फीका पड़ जाता है। इसका एक कारण यह भी है कि आजकल बाजार में अन्य कंपनियों के स्मार्टफोन्स में 200MP का कैमरा मिलता है और आईफोन का टॉप मॉडल आज भी 48MP कैमरा तक ही सीमीत है। लेकिन कंपनी अब यूजर्स की इस शिकायत को भी दूर करने वाली है। आगे आने वाले समय में आईफोन में 200MP का कैमरा देखने को मिल सकता है। ऐसा हम नहीं बल्कि लोकप्रिय टिप्सटर डिजिटल चैट स्टेशन (DCS) का पोस्ट कह रहा है। Weibo पर Digital Chat Station की पोस्ट से संकेत मिले हैं कि Apple 1/1.2 इंच के सेंसर वाले एक नए 200MP कैमरे की टेस्टिंग कर रहा है।
टिप्सटर के पोस्ट के अनुसार, ऐपल ने 200MP कैमरे की टेस्टिंग करना शुरू कर दिया है। खात बात तो यह है कि सेंसर Samsung द्वारा Galaxy S26 Ultra और अपने अन्य फ्लैगशिप फोन में इस्तेमाल किए जाने वाले मौजूदा 1/1.3 इंच वाले 200MP ISOCELL सेंसर से भी बड़ा है। अगर टिप्सटर की रिपोर्ट सही साबित हुई तो iPhone के आने वाले मॉडल कम रोशनी में भी बेहतर तस्वीरें ले पाएंगे। साथ ही, ज्यादा से ज्यादा बारीकियां कैप्चर कर पाएगा और उसकी डायनामिक रेंज भी बेहतर होगी।
Oppo Find X9 Ultra में भी होगा यही सेंसर – इस नए सेंसर के फीचर्स Sony LYT-901 से मेल खाते हैं। Sony LYT-901 सेंसर की शुरुआत Oppo Find X9 Ultra फोन में मिलने की भी उम्मीद है। टिप्सटर का दावा है कि 200MP वाला यह सेंसर फोन के मुख्य कैमरे में इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं, 200MP मेन कैमरे वाले फोन में अल्ट्रा-वाइड और टेलीफोटो लेंस 48MP का ही हो सकता है। फिर भी, यह iPhone 17 Pro Max के 48MP वाले मुख्य सेंसर के मुकाबले एक बहुत बड़ा अपग्रेड माना जाएगा।
इसी साल जनवरी में, Morgan Stanley की एक रिपोर्ट में यह संकेत दिया गया था कि Apple सचमुच 200MP वाले कैमरे पर काम कर रहा है और उसकी योजना है कि वह साल 2028 तक इस iPhone को आम लोगों तक पहुंचा देगा। हालाँकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि 200MP वाला यह कैमरा सिर्फ ‘Pro’ मॉडल्स तक ही सीमित रहेगा या फिर इसे बेस वेरिएंट्स में भी दिया जाएगा।
iPhone 19 Pro में मिलने की उम्मीद – उम्मीद है कि 200MP वाला यह कैमरा iPhone 19 Pro, Apple के दूसरी पीढ़ी के ‘फोल्डेबल फोन’ या फिर कंपनी की 20वीं वर्षगांठ के मौके पर लॉन्च होने वाले किसी ‘स्पेशल एडिशन डिवाइस’ में देखने को मिल सकता है। अगर ऐसा हुआ तो चीनी कंपनियों के फोन्स पर कड़ी टक्कर मिलने वाली है। आईफोन को ना खरीदने की एक वजह भी लोगों के लिए कम हो जाएगी, जिसका असर अन्य कंपनियों की सेल पर दिखने को मिल सकता है।