Tuesday , March 31 2026 11:42 PM
Home / Business & Tech / एलन मस्क की राह पर मार्क जुकरबर्ग, इंस्टाग्राम सब्सक्रिप्शन प्लान की टेस्टिंग शुरू, आपको होगा फायदा या नुकसान?

एलन मस्क की राह पर मार्क जुकरबर्ग, इंस्टाग्राम सब्सक्रिप्शन प्लान की टेस्टिंग शुरू, आपको होगा फायदा या नुकसान?


Meta अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के लिए प्रीमियम सब्सक्रिप्शन लाने वाला है। इसके लिए कंपनी ने कुछ देशों में टेस्टिंग भी शुरू कर दी है। TechCrunch की रिपोर्ट के अनुसार, मेटा ने बीते सोमवार को इसकी पुष्टि की है कि वह प्रीमियम सब्सक्रिप्शन की टेस्टिंग कर रहा है। इसे Instagram Plus नाम दिया गया है। सब्सक्रिप्शन लेने वाले सब्सक्राइबर्स को कुछ खास फीचर्स का एक्सेस मिलेगा। ये देखकर लग रहा है कि मेटा भी एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के सब्सक्रिप्शन प्रोग्राम की राह पर चल रहा है, जिसमें सब्सक्रिप्श लेने वाले को कुछ खास फीचर्स मिलते हैं। मेटा ने दो-तीन महीने पहले ही इसकी जानकारी दी थी कि वह फेसबक, व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम के लिए सब्सक्रिप्शन प्लान लाने की योजना में है और अब इंस्टा के लिए इसकी टेस्टिंग भी शुरू हो गई है।
कितने लोगों ने दोबारा देखी स्टोरी – प्रीमियम सब्सक्रिप्शन के खास फीचर्स में एक यह है कि सब्सक्राइबर्स अगर किसी स्टोरी को देखते हैं तो सामने वाले को पता भी नहीं चलेगा कि उन्होंने उसकी स्टोरी देखी है। TechCrunch की रिपोर्ट की मानें तो कंपनी ने एक ईमेल में बताया है कि सब्सक्राइबर्स यह भी देख सकते हैं कि कितने लोगों ने उनकी अपनी स्टोरीज को दोबारा देखा है।
स्टोरी के लिए बना पाएंगे अलग-अलग लिस्ट – इतना ही नहीं, सब्सक्राइबर ‘Close Friends’ लिस्ट के अलावा स्टोरीज के लिए अनलिमिटेड ऑडियंस लिस्ट भी बना पाएंगे। यानी यूजर्स अपने फॉलोअर्स को अलग-अलग लिस्ट में बांटकर यह तय कर पाएंगे कि उनकी हर स्टोरी कौन देखेगा।
24 घंटे और बढ़ा पाएंगे स्टोरी का टाइम – अभी तक स्टोरीज 24 घंटे बाद अपने आप हट जाती है। सब्सक्राइबर अपनी स्टोरी के लिए समय को 24 घंटे तक और बढ़ा सकते हैं। साथ ही, हफ्ते में एक बार किसी स्टोरी को ‘Spotlight’ करने का ऑप्शन भी चुन पाएंगे। इससे स्टोरी की विजिबिलिटी बढ़ जाएगी।
सर्च करके देख पाएंगे किसने देखी आपकी स्टोरी – इसके अलावा, सब्सक्राइबर दूसरों की स्टोरीज पर एनिमेटेड सुपरलाइक भी दे पाएंगे और अपनी स्टोरी देखने वालों की लिस्ट में सर्च करके यह तुरंत देख पाएंगे कि किसी खास व्यक्ति ने उनकी स्टोरी देखी है या नहीं। इसके लिए उन्हें पूरी लिस्ट को स्क्रॉल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मेटा ने भी यह नहीं बताया है कि वह किन देशों में इस प्रीमियम सब्सक्रिप्शन की टेस्टिंग कर रहा है। सोशल मीडिया रिपोर्ट्स से पता चलता है कि इसकी टेस्टिंग मेक्सिको, जापान और फिलिपींस में की जा रही है।
किसको होगा फायदा? – क्रिएटर्स को इंस्टाग्राम प्रीमियम सब्सक्रिप्शन से फायदा होगा। वे सब्सक्रिप्शन लेकर स्टोरी के लिए मिल रहे खास फीचर्स का इस्तेमाल करके ज्यादा से ज्यादा फॉलोअर्स तक पहुंच सकते हैं। अपने अकाउंट को ज्यादा एक्टिव रख सकते हैं। इससे उन्हें फॉलोअर्स बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे उनके अकाउंट की रीच भी अच्छी होगी। अगर आप क्रिएटर्स नहीं है तो बिना प्रीमियम सब्सक्रिप्शन के भी आराम से इंस्टाग्राम का इस्तेमाल कर सकते हैं।