
37 साल की उम्र में साउथ अफ्रीका के स्टार और अनुभवी बल्लेबाज रासी वैन डर डुसेन ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर साझा की है। वैन डर डुसेन ने साउथ अफ्रीका का तीनों फॉर्मेट में प्रतिनिधित्व किया है। वह ज्यादातर टॉप ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में खेले हैं। आखिरी बार उन्होंने साउथ अफ्रीका के लिए 2025 में अगस्त में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 मुकाबला खेला था।
सोशल मीडिया पर शेयर किया भावुक पोस्ट – रासी वैन डर डुसेन ने सोशल मीडिया पर इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेते हुए भावुक पोस्ट भी शेयर किया है। उन्होंने लंबा चौड़ा पोस्ट डाला है। उन्होंने लिखा, ‘प्रोटियाज की जर्सी पहनना एक ऐसी उपलब्धि है जिसके लिए दृढ़ता और समर्पण के ऐसे स्तर की आवश्यकता होती है जो आपको टेस्ट भी करता है और आपको अविश्वसनीय रूप से रिवॉर्ड भी करता है। अपने देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।’ इसी के साथ रासी ने बताया कि वह अपनी डॉमेस्टिक साइड लायंस के लिए खेलते रहेंगे और कोचिंग की ओर भी बढ़ेंगे।
आईपीएल भी खेल चुके हैं रासी वैन डर डुसेन – बता दें कि रासी वैन डर डुसेन आईपीएल का भी हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने 2022 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए आईपीएल में डेब्यू किया था। हालांकि वैन डर डुसेन को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टी20 लीग में खेलने का ज्यादा मौका नहीं मिला। उन्होंने आईपीएल में महज तीन मैच खेले हैं और 22 रन बनाए हैं।
रासी वैन डर डुसेन का इंटरनेशनल करियर – रासी वैन डर डुसेन ने 2019 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने साउथ अफ्रीका के लिए 18 टेस्ट, 71 वनडे और 57 टी20 मुकाबले खेले हैं। टेस्ट में उन्होंने छह फिफ्टी के चलते 905, वनजे में छह शतक और 17 फिफ्टी के बूते 2657 तो टी20 में 10 फिफ्टी के बदौलत 1406 रन बनाए हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website