Friday , October 23 2026 4:51 PM
Home / Sports / इरफान पठान का 17 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा, नमन धीर ने नाबाद 42 रन ठोककर बड़ा कारनामा कर दिया

इरफान पठान का 17 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा, नमन धीर ने नाबाद 42 रन ठोककर बड़ा कारनामा कर दिया


भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मैच में जीत मिली। संजू सैमसन ने टीम के लिए विस्फोटक पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता लेकिन जीत के असली हीरो नमन धीर रहे। 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे नमन धीर के बल्ले से सिर्फ 15 गेंदों पर 42 रनों की दमदार पारी निकली। उन्होंने छक्के से मैच फिनिश किया।
नमन धीर सफल रन चेज में नंबर-7 या उससे नीचे बैटिंग करते हुए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। अभी तक यह रिकॉर्ड इरफान पठान के नाम था। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर पठान ने 2009 में श्रीलंका के खिलाफ नंबर-8 पर आकर 33 रन बनाए थे। कोलंबो के मैदान पर इरफान के बल्ले से 16 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से ये रन निकले थे।
नमन धीर ने डॉट गेंद नहीं खेली – जब नमन धीर बैटिंग करने उतरे तो टीम इंडिया प्रेशर में थी। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और दो छक्के मारे। आखिरी ओवर में चौथी गेंद पर नमन ने छक्का मारकर मैच फिनिश किया। अपनी 15 गेंदों की पारी में उन्होंने एक भी डॉट गेंद नहीं खेली। 26 साल के नमन ने इसी महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के लिए टी20 डेब्यू किया था। यह उनके करियर की 5वीं ही पारी थी।
टीम इंडिया का रिकॉर्ड रन चेज – भारतीय टीम ने पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले को चार विकेट से अपने नाम किया। हेगले ओवल के मैदान पर भारतीय बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड से मिले 226 रनों के लक्ष्य को 19.4 ओवर में 6 विकेट खोकर चेज किया। टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम का सबसे बड़ा रन चेज है। इससे पहले, साल 2023 में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया और इसी साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ 209 रनों के लक्ष्य को चेज किया था। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ यह दूसरा सबसे सफल रनचेज है।