Friday , April 10 2026 4:09 PM
Home / News / अफगानिस्तान-पाकिस्तान बॉर्डर पर फिर भीषण लड़ाई, तालिबान का सैन्य चौकियों पर कब्जा, 4 पाक सैनिकों की मौत का दावा

अफगानिस्तान-पाकिस्तान बॉर्डर पर फिर भीषण लड़ाई, तालिबान का सैन्य चौकियों पर कब्जा, 4 पाक सैनिकों की मौत का दावा


पाकिस्तान और अफगानिस्तान बॉर्डर पर एक बार फिर लड़ाई तेज हो गई है। अफगानिस्तान के पूर्वी खोस्त प्रांत में पाक आर्मी और अफगान तालिबान फोर्स के बीच झड़पें हुई हैं। रविवार को खोस्त में सीमा पर झड़प के बाद अफगान तालिबान ने कई पाकिस्तानी चौकियों पर कब्जे का दावा किया है। इस क्षेत्र में बीते हफ्ते भी दोनों पक्षों में गोलीबारी हुई थी। बॉर्डर का यह इलाका बीते कई महीनों से लगातार अस्थिरता का सामना कर रहा है।
आमाज न्यूज के मुताबिक, अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा से सटे खोस्त प्रांत के तनाई जिले में लड़ाई चल रही है। इस दौरान तालिबान लड़ाकों ने पाकिस्तान की कई सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया है। झड़पों में पाकिस्तान के चार सीमा रक्षकों के मारे जाने का दावा तालिबान ने किया है।पाकिस्तानी सेना ने इस घटना के संबंध में अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
पाक-अफगान बॉर्डर पर तनातनी – अफगानिस्तान के पूर्वी खोस्त प्रांत में बीते हफ्ते गुरुवार को भीषण सैन्य झड़पे हुई थीं। इस दौरान तालिबान ने पाकिस्तानी सेना पर नागरिकों घरों पर गोलाबारी करने का आरोप लगाया था। गुरुवार देर रात खोस्त के तनाई जिले में पाकिस्तानी सैनिकों ने नागरिकों के घरों पर हमला किया। इसके बाद सीमा पर लड़ाई होने की बात सामने आई।
खोस्त के गुरबुज जिले में बीते कुछ दिनों में दोनों पक्षों में झड़पों की खबरें सामने आई हैं। इससे पता चलता है कि सीमा पर स्थिति नाजुक बनी हुई है। ताजा झड़पें इस बात को उजागर करती हैं कि कूटनीतिक बातचीत जारी होने के बावजूद गोलीबारी हो रही है। इससे खासतौर से सीमा के पास रहने वाले लोगों के लिए मुश्किल बनी हुई है।
अफगानिस्तान-पाकिस्तान में सुलह की कोशिश फेल? – पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बीते साल से बॉर्डर पर झड़पें हो रही हैं। खासतौर से इस साल फरवरी के आखिर से अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव काफी ज्यादा बढ़ा हुआ है। पाकिस्तान ने लगातार सीमा पार हमले किए हैं और अफगानिस्तान में छिपे कथित आतंकवादियों को निशाना बनाने का दावा किया है।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच संघर्ष-विराम की क्षेत्रीय देशों की मध्यस्थता की कोशिशें बार-बार नाकाम रही हैं। खाड़ी देशों के अलावा चीन की ओर से भी अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज तालिबान और पाकिस्तानी अधिकारियों के बीच चल रही बातचीत कराने की कोशिस लगातार हुई है। इस सबके बावजूद तनाव बरकरार है।