Tuesday , April 14 2026 11:15 PM
Home / Business & Tech / इनवर्टर पर भी चला सकेंगे कूलर, जानें क्या है BLDC मोटर? 60% बिजली बचाएगी एडवांस टेक्नोलॉजी

इनवर्टर पर भी चला सकेंगे कूलर, जानें क्या है BLDC मोटर? 60% बिजली बचाएगी एडवांस टेक्नोलॉजी


क्या इनवर्टर पर कूलर चलाया जा सकता है? ज्यादातर लोग इस सवाल का जवाब ‘नहीं’ में देंगे। हालांकि, अगर आपके कूलर में एक साधारण मोटर की जगह BLDC मोटर लगी है, तो ऐसा किया जाना संभव है। सिर्फ इतना ही नहीं, BLDC मोटर के साथ आप कूलर को इस्तेमाल करते हुए 60% तक बिजली भी बचा सकते हैं। गौर करने वाली बात है कि जहां एक साधारण कूलर की मोटर 150 से 200 वाट बिजली की खपत करती है, वहीं BLDC मोटर आपके कमरे की छत पर लगे पंखे जितनी बिजली ही खर्च करती है। खास बात है कि BLDC मोटर को आप अपने पुराने कूलर में भी लगा सकते हैं और उसे भी इनवर्टर फ्रेंडली बना सकते हैं।
क्या है BLDC मोटर? – BLDC मोटर एक एडवांस और काफी पावरफुल इलेक्ट्रिक मोटर होती है। इसमें साधारण मोटर की तरह कार्बन ब्रश नहीं होते। इसकी वजह से इस मोटर में किसी तरह का फ्रिक्शन नहीं होता और गर्मी कम पैदा होती है। इस वजह से इस एडवांस मोटर की लाइफ काफी ज्यादा होती है।
इसके अलावा BLDC मोटर एक साधारण मोटर के मुकाबले 60% तक बिजली भी कम खर्च करता है। इसके अलावा BLDC मोटर शोर भी कम करती है और इसमें भी आजकल के AC और अन्य अप्लाइंसेज की तरह इनवर्टर टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाता है।
इनवर्टर पर कितनी देर चलेगा कूलर? – जैसा कि हमने बताया, BLDC मोटर एक साधारण कूलर की मोटर के मुकाबले 60% कम बिजली खर्च करती है। कहने का मतलब है कि कूलर की साधारण मोटर जहां 150 से 200 वाट खर्च करती है वहीं BLDC मोटर मात्र 30-50 वाट खर्च करती है। ऐसे में इसे न सिर्फ इनवर्टर पर चलाया जा सकता है बल्कि अच्छी-खासी बिजली की खपत भी बचाई जा सकती है। ऐसे में BLDC मोटर वाला कूलर इनवर्टर पर 6-7 घंटे तक चल सकता है।
पुराने कूलर में लगाने का क्या आएगा खर्च? – BLDC मोटर एक कूलर की साधारण मोटर के मुकाबले थोड़ी ज्यादा महंगी आती है। हालांकि, बिजली बचाकर यह जल्द ही अपने खर्च को पूरा कर देती है। फिलहाल आप एक BLDC मोटर 2500 से 3000 रुपये में खरीद सकते हैं। वायरिंग, किट और फिटिंग का खर्च मिलाकर पुराने कूलर में BLDC मोटर लगवान का खर्च 4000 रुपये तक आ सकता है। यहां इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि BLDC मोटर को एक अनुभवी टेक्नीशियन की मदद से ही लगवाना चाहिए।