Monday , April 27 2026 5:40 PM
Home / Sports / ‘रिंकू नाम ही काफी है’, लखनऊ को धूल चटाने के बाद रिंकू सिंह ने दिया दिल जीतने वाला बयान

‘रिंकू नाम ही काफी है’, लखनऊ को धूल चटाने के बाद रिंकू सिंह ने दिया दिल जीतने वाला बयान


लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ इकाना स्टेडियम में बल्ले से तबाही मचाने और फील्डिंग में सुपरमैन बनने वाले रिंकू सिंह को उनकी जादुई पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। केकेआर को हार के मुंह से बाहर निकालकर जीत दिलाने वाले रिंकू ने मैच के बाद अपनी रणनीति और बाउंड्री पर लपके गए उस हैरतअंगेज कैच पर खुलकर बात की।
संकटमोचक नाम पर दिया प्यारा जवाब – मैच के बाद जब रिंकू सिंह से पूछा गया कि क्या अब उनका नाम बदलकर ‘रिंकू संकटमोचक’ रख देना चाहिए, तो उन्होंने बड़ी विनम्रता से मुस्कुराते हुए कहा, ‘नहीं, रिंकू नाम ही ठीक है।’ रिंकू ने बताया कि जब वह बल्लेबाजी करने आए थे, तब टीम के चार विकेट गिर चुके थे और स्थिति बेहद नाजुक थी। उनके दिमाग में सिर्फ एक ही बात चल रही थी कि कैसे खेल को अंत तक ले जाया जाए। उन्होंने अपनी रणनीति साझा करते हुए कहा कि विकेट गिरने के बाद उनका ध्यान स्कोरबोर्ड को चलाने और खराब गेंदों को बाउंड्री के बाहर भेजने पर था।
बल्लेबाजी के साथ फील्डिंग का भी दिखाया जलवा – रिंकू सिंह ने इस मैच में न केवल 83 रनों की पारी खेली, बल्कि फील्डिंग में भी चार शानदार कैच लपके। अपनी चुस्त फील्डिंग पर बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘मुझे बचपन से ही फील्डिंग करना बहुत पसंद है। मैं फिट हूं और मैदान पर फील्डिंग का पूरा आनंद लेता हूं।’ रिंकू की फिटनेस ही थी जिसने उन्हें पूरे मैच के दौरान चौकन्ना रखा, जिसका फायदा कोलकाता को मैच के सबसे महत्वपूर्ण मौकों पर मिला।
सुपर ओवर के उस जादुई कैच की इनसाइड स्टोरी – सुपर ओवर में रोवमैन पॉवेल द्वारा उनकी ओर उछाले गए कैच को लेकर रिंकू ने एक दिलचस्प खुलासा किया। रिंकू ने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो मैं उस कैच के लिए तैयार नहीं था। मुझे लगा था कि पॉवेल खुद ही कैच पूरा कर लेंगे, लेकिन जब उन्होंने बाउंड्री के पास से गेंद को मेरी तरफ जोर से फेंका, तब मैंने खुद को संभाला और उसे लपकने में कामयाब रहा।’ रिंकू के इस कैच ने ही सुपर ओवर में लखनऊ की पारी को सिर्फ 1 रन पर समेटने में बड़ी भूमिका निभाई।