Saturday , May 2 2026 12:30 AM
Home / Entertainment / Michael ने रचा इतिहास! 3 दिन में ही ₹2042 करोड़ पार, धरे हर गए खराब रिव्‍यूज और विवाद, 97% रेटिंग

Michael ने रचा इतिहास! 3 दिन में ही ₹2042 करोड़ पार, धरे हर गए खराब रिव्‍यूज और विवाद, 97% रेटिंग


‘किंग ऑफ पॉप’ माइकल जैक्‍सन की पहली आध‍िकारिक बायोपिक ‘माइकल’ की चाहे लाख आलोचना हो जाए, समीक्षक से लेकर दुनियाभर के लोग चाहे खूब चिल्‍ला लें कि फिल्‍म में MJ के विवादों को नहीं दिखाया गया, लेकिन इस फिल्‍म को जिस तरह से फैंस का प्‍यार मिला है, वह देखने लायक है। एंटोनी फुक्वा के डायरेक्‍शन में बनी ‘माइकल’ ने महज तीन दिन में बॉक्‍स ऑफिस इतिहास रच दिया है। जी हां, जाफर जैक्‍सन स्‍टारर यह फिल्‍म 24 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अपने पहले वीकेंड में ही इसने वर्ल्‍डवाइड $217 म‍िल‍ियन की कमाई कर सबको चौंका दिया है। भारतीय रुपयों में यह ₹2042.96 करोड़ की ग्रॉस कमाई है। ₹1,800 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्‍म ने इसी के साथ एक नया रिकॉर्ड भी बनाया है। ‘माइकल’ अब पहले वीकेंड में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बायोपिक बन गई है।
सोशल मीडिया से लेकर थ‍िएटर के बाहर तक, समीक्षकों से लेकर आम पब्‍ल‍िक तक, ‘माइकल’ की आलोचना करने वालों की कमी नहीं है। लेकिन यह भी सच है कि हर किसी ने जाफर जैक्‍सन की तारीफ की है। अपने चाचा माइकल जैक्‍सन को उन्‍होंने जिस तरह पर्दे पर उतारा है, एक बार के लिए हर कोई आश्‍चर्य में है। कई फैंस तो यहां तक कह रहे हैं कि यह ‘माइकल जैक्‍सन के फिर से जन्‍म लेने’ जैसा है। एक तरफ जहां सिनेमाघरों का माहौल कॉन्‍सर्ट जैसा है, वहीं कमाई के मोर्चे पर यह फिल्‍म अब हर दिन नए कीर्तिमान रच रही है।
भारत में भी ‘धुरंधर 2’ के आगे धूम मचा रही ‘माइकल’ – ‘माइकल’ का जादू भारत में भी दर्शकों पर चला है। सिनेमाघरों में ‘धुरंधर 2’, ‘भूत बंगला’ और ‘ग‍िन्‍नी वेड्स सनी 2’ की मौजूदगी के बावजूद ‘माइकल’ ने भारतीय बॉक्‍स ऑफिस पर तीन दिनों में ₹16.50 करोड़ का नेट कलेक्‍शन और ₹19.80 करोड़ का ग्रॉस बिजनस किया है। यही नहीं, रविवार को इसने ₹5.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। फिल्‍म की डिमांड को देखते हुए इसके शोज भी बढ़ाकर अब 3,201 कर दिए गए हैं।
‘माइकल’ में जाफर जैक्‍सन – ‘माइकल’ मूवी वर्ल्‍डवाइड कलेक्‍शन, वीकेंड में बना र‍िकॉर्ड
‘माइकल’ को Lionsgate और जैक्सन एस्टेट ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने पहले वीकेंड में सिर्फ अमेरिका में $97 मिलियन (₹913.29 करोड़) की कमाई कर ली है। जबकि ओवरसीज मार्केट में इसने $120.4 म‍िल‍ियन (₹1133.61 करोड़) कमाए हैं। इस तरह इसने 2023 में आई क्रिस्‍टोफर नोलन की ‘ओपेनहाइमर’ $180.4 म‍िल‍ियन और 2018 में रिलीज ‘बोहेमियन रैप्सोडी’ के $124 म‍िल‍ियन के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
जापान में जून में र‍िलीज होगी जाफर जैक्‍सन की फ‍िल्‍म – ‘माइकल’ अब दुनिया के अध‍िकतर हिस्सों में रिलीज हो चुकी है। जबकि जापान में यह जून महीने में रिलीज होगी। खास बात यह है कि जापान में माइकल जैक्‍सन की जबरदस्‍त फैन फॉलोइंग हैं। ऐसे में जब यह वहां सिनेमाघरों में आएगी तो कमाई और ऊपर उठेगी।
एक तरफ ‘माइकल’ की आलोचना, दूसरी तरफ 97% रेट‍िंग – Michael की आलोचना मुख्‍य रूप से इस बात को लेकर हो रही है कि इसमें माइकल जैक्सन जिंदगी के विवादों को नहीं दिखाया गया है। लेकिन जाहिर तौर पर इससे MJ के फैंस को कोई फर्क नहीं पड़ता। वह इस फिल्‍म को अपने ‘भगवान’ के लिए जश्‍न की तरह देख रहे हैं। यही कारण है कि Rotten Tomatoes पर आलोचकों ने जहां इसे 38% दिया है, वहीं दर्शकों ने 97% रेटिंग दी है।
माइकल जैक्‍सन पर लगे थे ‘बच्‍चों के यौन शोषण’ के आरोप – इसमें कोई दोराय नहीं है म्‍यूजिकल बायोपिक्‍स की दुनिया में Michael एक विवादित हस्ती पर Lionsgate जैसे बैनर के लिए एक साहसी दांव था। माइकल जैक्सन की साल 2009 में 50 साल की उम्र में मौत हो गई थी। वह जहां एक ओर संगीत की दुनिया के सबसे पॉपुलर, सबसे प्रभावशाली और सबसे महान शख्‍स‍ियतों में से एक थे, वहीं उनकी साख ‘बच्चों के यौन शोषण’ के आरोपों की वजह से बार-बार खराब हुई। हालांकि, माइकल जैक्सन के परिवार और उनकी संपत्ति के रखवालों जैक्‍सन एस्‍टेट ने हमेशा उनकी बेगुनाही का दावा किया।
माइकल जैक्‍सन हुए थे बरी, मानी थी बच्‍चों के साथ सोने की बात – हालांकि, इस महान पॉप स्टार ने यह माना था कि वह दूसरे लोगों के बच्चों के साथ एक ही बेडरूम में सोते थे। लेकिन उन्‍होंने ‘यौन शोषण’ के आरोपों को खारिज किया था। साल 2005 में अपने इकलौते आपराधिक मुकदमे में उन्हें बरी कर दिया गया था।
जैक्‍सन परिवार के कुछ सदस्‍यों ने भी की आलोचना – यह भी कम दिलचस्‍प नहीं है कि खुद माइकल जैक्सन परिवार के कुछ सदस्यों ने एंटोनी फुक्वा की इस फिल्म का विरोध किया। दिवंगत सिंगर की बहन जेनेट जैक्सन इसमें शामिल थीं। वह इस फिल्‍म में भी दिखाई नहीं देती हैं, जबकि जैक्सन की बेटी पेरिस ने इस फिल्‍म को ‘काल्पनिक दुनिया’ कहा।
‘माइकल’ में इसल‍िए नहीं द‍िखाया गया जॉर्डन चैंडलर से जुड़ा विवाद – एंटोनी फुक्‍वा और मेकर्स के लिए ‘माइकल’ का प्रोडक्शन भी काफी मुश्किलों भरा रहा। शूटिंग पूरी होने के बाद प्रोड्यूसर्स को एहसास हुआ कि उन्होंने एक बहुत बड़ी और महंगी गलती कर दी है। फ‍िल्म का तीसरा हिस्सा जॉर्डन चैंडलर के आरोपों पर आधारित था, जो उस समय 13 साल का था। जबकि साल 1994 में हुए एक कानूनी समझौते के तहत माइकल जैक्सन ने उसे $23 मिलियन दिए थे। समझौते की शर्तों के मुताबिक, माइकल जैक्सन से जुड़ी किसी भी आध‍िकारिक चीज में जॉर्डन चैंडलर का जिक्र नहीं होगा। जब जैक्‍सन एस्‍टेट को इस बात का खयाल आया तो मेकर्स को फिल्‍म री-शूट करनी पड़ी और इस कारण इसका बजट भी बढ़ा। जैक्‍सन एस्‍टेट ने इस री-शूट का $50 मिलियन का खर्च उठाया और इस तरह को-प्रोड्यूसर बन गए।