Friday , May 15 2026 9:06 PM
Home / Business & Tech / क्या होते हैं ट्रैवल राउटर? जानें क्यों हर ट्रैवलर के पास होना चाहिए यह गैजेट?

क्या होते हैं ट्रैवल राउटर? जानें क्यों हर ट्रैवलर के पास होना चाहिए यह गैजेट?


आज के समय में बिना इंटरनेट सफर की कल्पना भी नहीं की जा सकती। सच तो यह है कि लोग इंटरनेट या कहें कि सोशल मीडिया की वजह से ज्यादा ट्रैवल करने लगे हैं। सफर में लोग अक्सर कैफे, होटल या पब्लिक वाई-फाई का पासवर्ड मांगते हैं। हालांकि ऐसे वाई-फाई कनेक्शन आपकी प्राइवेसी के लिए बेहद खतरनाक हो सकते हैं। यहीं एंट्री होती है ट्रैवल राउटर की। जैसा कि नाम से समझ में आता है, यह सफर के दौरान साथ कैरी किए जाने वाला एक पॉकेट साइज डिवाइस होता है। अगर आप अपना सफर ट्रैवल राउटर के साथ कर रहे हों, तो यकीन मानिए आपका अनुभव पूरी तरह से बदल सकता है।
दरअसल यह राउटर ना सिर्फ आपकी प्राइवेसी की रक्षा हैकर्स से करता है बल्कि जबरदस्त स्पीड के साथ एक साथ आपके फोन, लैपटॉप और टैबलेट को कनेक्ट कर आपके काम को आसान बना सकता है। इस ट्रैवल राउटर के फायदे इतने हैं कि हर स्मार्ट ट्रैवलर को इस डिवाइस को अपने साथ जरूर रखना चाहिए।
एक साथ कई डिवाइसेज को मिलेगा कनेक्शन – पब्लिक या होटलों के वाई-फाई की समस्या ये है कि हर डिवाइस को अलग से लॉगिन करना पड़ता है। कई जगह तो एक रूम में केवल 2 या 3 डिवाइस ही कनेक्ट करने की लिमिट होती है। ट्रैवल राउटर इस झंझट को खत्म कर देता है।
इसके लिए आपको सिर्फ राउटर को होटल के नेटवर्क से जोड़ना पड़ता है और आपके बाकी सभी गैजेट्स खुद-ब-खुद आपके पर्सनल राउटर से कनेक्ट हो जाते हैं। इससे आपका समय भी बचता है और आप डिवाइस लिमिट को भी आसानी से बायपास कर लेते हैं।
बेहतर प्राइवेसी के लिए जरूरी – पब्लिक वाई-फाई हैकर्स का पसंदीदा अड्डा होते हैं। ट्रैवल राउटर आपके और पब्लिक नेटवर्क के बीच एक दीवार यानी कि Firewall की तरह काम करता है। यह आपके डिवाइसेज को नेटवर्क पर छिपा देता है। आजकल के मॉडर्न ट्रैवल राउटर्स में Built-in VPN की सुविधा भी मिलती है, जो आपके डेटा को एन्क्रिप्ट कर देती है। यानी आप होटल के असुरक्षित वाई-फाई पर भी बैंकिंग जैसे संवेदनशील काम बिना चिंता के कर सकते हैं।
स्पीड और स्टेबिलिटी के लिए जरूरी – सफर में सिग्नल कमजोर होना आम बात है। ऐसे में ट्रैवल राइटर कमजोर सिग्नल को पकड़कर उन्हें बूस्ट करता है। इससे आपके डिवाइसेज को बेहतर स्पीड और रेंज मिल पाती है।
कुछ ट्रैवल राउटर्स सिम स्लॉट के साथ भी आते हैं। इनमें आप अपना पर्सनल सिम लगाकर अपना हॉटस्पॉट क्रिएट कर सकते हैं। फोन पर ऐसा करने पर आपके फोन की बैटरी तेजी से गिरती है। इसके अलावा अगर आपके होटल में ईथरनेट यानी कि वायर्ड इंटरनेट उपलब्ध है, तो उसे आप राउटर में लगाकर उसे वायरलेस वाई-फाई में बदल सकते हैं।
कॉम्पैक्ट और पोर्टेबल डिजाइन – ये राउटर्स वजन में काफी हल्के और साइज में छोटे होते हैं। इन्हें आप अपनी जेब या लैपटॉप बैग के कोने में आसानी से रख सकते हैं। इनमें से कई मॉडल्स बैटरी से चलते हैं, जिन्हें आप चलते-फिरते जैसे बस या ट्रेन में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। जब आप सफर पर न हों, तो इसे घर में वाई-फाई एक्सटेंडर के तौर पर भी इस्तेमाल में ले सकते हैं। ऐसे में इस डिवाइस का आपके पास होना बहुत काम आ सकता है।