Wednesday , May 20 2026 5:37 PM
Home / Sports / वैभव सूर्यवंशी ने निकाली आकाश सिंह की अकड़, 3 ओवर में लुटाए 54 रन, सुनील गावस्कर ने कहा- अब कहां गई तुम्हारी पर्ची?

वैभव सूर्यवंशी ने निकाली आकाश सिंह की अकड़, 3 ओवर में लुटाए 54 रन, सुनील गावस्कर ने कहा- अब कहां गई तुम्हारी पर्ची?


राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में लखनऊ के तेज गेंदबाज आकाश सिंह को 3 ओवर में ही 54 रन पड़ गए। आकाश ने पिछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ तगड़ी गेंदबाजी की थी, जिसके बाद वे लगातार जेब से पर्ची निकालने वाला सेलिब्रेशन कर रहे थे। लेकिन अब जब राजस्थान के खिलाफ उन्हें जमकर मार पड़ी तो दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने उनकी आलोचना की है।
आकाश सिंह से नाराज हुए सुनील गावस्कर – आकाश सिंह के प्रदर्शन पर सुनील गावस्कर की तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा। 220 रनों के विशाल स्कोर का बचाव करने उतरी लखनऊ की टीम के लिए आकाश सिंह का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। इसके बावजूद मैदान पर उनके विकेट लेने के बाद के जश्न मनाने के अंदाज ने गावस्कर को खासा नाराज कर दिया।
वैभव सूर्यवंशी से पड़ी जमकर मार – इस मुकाबले में आकाश सिंह ने हालांकि ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का विकेट जरूर चटकाया लेकिन इसके लिए उन्होंने भारी कीमत चुकाई। वैभव सूर्यवंशी के आगे आकाश पूरी तरह बेबस नजर आए और उन्होंने अपने स्पेल के महज 3 ओवरों में 54 रन लुटा दिए। जब वैभव सूर्यवंशी लखनऊ के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा रहे थे उसी दौरान कमेंट्री बॉक्स में बैठे सुनील गावस्कर ने आकाश के आक्रामक रवैये पर सवाल उठाए।
गावस्कर ने कहा अब कहां है तुम्हारी पर्ची – गावस्कर ने आकाश के पिछले मैचों के जश्न का हवाला देते हुए लाइव कमेंट्री के दौरान कहा, ‘कहां है वो पर्ची अब? जेब में है ना? अब वो पर्ची कहां गई? मुझे खिलाड़ियों में थोड़ी विनम्रता पसंद है। एक ओवर में आप शायद किसी एक गेंद पर विकेट ले लेते हैं लेकिन बाकी की पांच गेंदों पर आपकी जमकर धुनाई होती है। उसने महज 17 गेंदों में 48 रन लुटा दिए हैं।’
पहले मैच में किया था सेलिब्रेशन – दरअसल, आकाश सिंह इस सीजन के अपने पहले मैच में छा गए थे। जहां उन्होंने सीएसके के खिलाफ 26 रन देकर 3 विकेट लिए थे। उस मैच में हर विकेट लेने के बाद यह बाएं हाथ का गेंदबाज अपनी जेब से एक मुड़ी हुई पर्ची निकालता था और उसे पूरे स्टेडियम को दिखाता था। हालांकि बाद में आकाश ने सफाई दी थी कि यह पर्ची वाला जश्न किसी विरोधी के लिए नहीं बल्कि खुद को प्रेरित करने का उनका अपना तरीका था।