
मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला ड्रामे से भरपूर रहा। मुंबई की पारी के दौरान मैदान पर एक ऐसा वाकया देखने को मिला जिसने फैंस को हैरान कर दिया। फॉर्म में चल रहे मुंबई के बल्लेबाज तिलक वर्मा को केकेआर की एक बड़ी गलती की वजह से जीवनदान मिला। मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने गेंद को दोनों हाथों से सुरक्षित लपक लिया था लेकिन विकेटकीपर अंगकृष रघुवंशी की एक नासमझी ने पूरा खेल बिगाड़ दिया।
अंगकृष रघुवंशी की वजह से छूटा कैच – अंगकृष रघुवंशी ने कैच पकड़ने के लिए वरुण के आगे छलांग लगा दी जबकि वरुण पहले ही गेंद को थाम चुके थे। इस जोरदार टक्कर के कारण वरुण का संतुलन बिगड़ा और गेंद उनके हाथ से छिटक गई। इस अजीबोगरीब हादसे को देखकर वरुण अपने कीपर पर बुरी तरह भड़कते नजर आए क्योंकि उन्होंने पहले ही कैच के लिए कॉल कर दिया था।
कैच छूटने से नहीं हुआ कोई नुकसान – शुरुआती झटकों से बेहाल मुंबई इंडियंस के लिए तिलक वर्मा का यह जीवनदान एक बड़ी राहत लेकर आया था लेकिन वह इसका कोई खास फायदा नहीं उठा सके। इस सीजन में एक शानदार शतक जड़ चुके तिलक का बल्ला इस मुकाबले में पूरी तरह खामोश रहा और वह सिर्फ 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हैरान करने वाली बात यह नहीं थी कि उन्होंने कम रन बनाए बल्कि जिस सुस्त रफ्तार से उन्होंने बल्लेबाजी की, उसने सबको चौंका दिया। तिलक ने 20 रन बनाने के लिए पूरे 32 गेंदें खेल डालीं जिसके बाद उनका स्ट्राइक रेट महज 62.5 का रहा।
खराब रही तिलक वर्मा की बैटिंग – आंकड़ों के मुताबिक आईपीएल इतिहास में करीब 14 साल बाद किसी बल्लेबाज ने 30 से ज्यादा गेंदें खेलकर इतना कम स्ट्राइक रेट दर्ज किया है। इससे पहले मई 2012 में चेन्नई सुपर किंग्स के माइकल हसी ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जयपुर में 32 गेंदों पर सिर्फ 19 रन बनाए थे जहां उनका स्ट्राइक रेट 59.37 का था। तिलक का यह प्रदर्शन उनके टी20 करियर के सबसे बड़े झटकों में से एक माना जाएगा।
Home / Sports / कैच छूटने पर इतना बड़ा ड्रामा, तिलक वर्मा को आउट करने का मौका गंवाया, वरुण चक्रवर्ती को आया भयंकर गुस्सा
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website