Tuesday , May 26 2026 7:45 PM
Home / News / ‘होर्मुज जलडमरूमध्य के पास दुश्मन ड्रोन को मार गिराया’: अमेरिका से तनाव के बीच ईरान का बड़ा दावा

‘होर्मुज जलडमरूमध्य के पास दुश्मन ड्रोन को मार गिराया’: अमेरिका से तनाव के बीच ईरान का बड़ा दावा


ईरान ने दावा किया है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक दुश्मन ड्रोन को मार गिराया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, यह ड्रोन केश्म द्वीप के हवाई क्षेत्र में ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम के जरिए मार गिराया गया। ईरानी फार्स समाचार एजेंसी ने कहा कि इस ड्रोन को सोमवार रात फारस की खाड़ी के ऊपर निष्क्रिय कर दिया गया। अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि इस ड्रोन को कौन ऑपरेट कर रहा था। यह घटना तब सामने आई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर बातचीत चल रही है, हालांकि, दोनों देशों ने समझौते के लिए जल्दीबाजी दिखाने से परहेज किया है।
ईरानी सेना ने स्वदेशी हथियार से किया शिकार – रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी सेना ने इस ड्रोन को नष्ट करने के लिए उन्नत स्वदेशी रक्षा प्रणालियों का इस्तेमाल किया, जिसमें देश की ‘अराश-ए-कमंगीर’ इंटरसेप्टर ड्रोन सिस्टम शामिल थी। इस सिस्टम को “छिपी हुई क्षमताओं” से लैस एक नई इंटीग्रेटेड एयर डिफेंस सिस्टम के रूप में जिक्र किया गया है। समाचार एजेंसी ने इस कार्रवाई के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “यह अभियान, जिसे छिपी हुई क्षमताओं वाले एयर डिफेंस सिस्टम का उपयोग करके अंजाम दिया गया, ईरान की ओर से एक स्पष्ट और निर्णायक संदेश है।”
केश्म द्वीप के पास की घटना – एक अलग रिपोर्ट में, मेहर समाचार एजेंसी ने बताया कि केश्म द्वीप के स्थानीय निवासियों ने इस घटना के दौरान एक्टिवेट हुए एयर डिफेंस सिस्टम से जुड़ी तेज आवाजें सुनने की जानकारी दी। हालांकि ईरानी मीडिया ने स्पष्ट किया कि इस ड्रोन को क्षेत्रीय जल क्षेत्र के ऊपर रोका गया था, लेकिन आधिकारिक सूत्रों ने ड्रोन के मूल स्थान या उसके मालिक की पहचान बताने से परहेज किया। इसके अलावा, इस घटना के संबंध में ईरानी सरकारी अधिकारियों द्वारा तत्काल कोई औपचारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई।
ईरान ने ड्रोन के बारे में चुप्पी साधी – इस घटना के बारे में विस्तार से बताते हुए, फार्स ने कुछ अनाम ईरानी अधिकारियों का हवाला दिया, जिन्होंने हवाई क्षेत्र की सुरक्षा के संबंध में एक कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा, “यह हमारी चेतावनी है; कोई भी रडार से बचने वाला ड्रोन अब कभी भी फारस की खाड़ी के आसमान का उल्लंघन नहीं करेगा।” सरकारी मीडिया रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि ईरानी अधिकारियों ने इस अभियान को खाड़ी के हवाई क्षेत्र पर तेहरान के नियंत्रण और किसी भी संभावित खतरे का जवाब देने के लिए उसकी रक्षा सेनाओं की तत्परता के प्रदर्शन के रूप में देखा। नए एयर डिफेंस सिस्टम के तकनीकी और परिचालन संबंधी विवरणों का खुलासा नहीं किया गया है।