
भारत में पड़ने वाली भीषण गर्मी ना सिर्फ लोगों को प्रभावित कर रही है। बल्कि इसका असर गैजेट्स जैसे स्मार्टफोन्स पर भी देखने को मिल रहा है। अधिक तापमान के कारण स्मार्टफोन को भी नुकसान पहुंच रहा है। कई बार आपने नोटिस किया होगा कि फोन चार्ज होते-होते बीच में रुक जाता है। मेरा पास आईफोन 17 प्रो मैक्स है और कई बार चार्ज होते-होते ज्यादा गर्म हो जाने के कारण बीच में ही उसकी चार्जिंग रुक जाती है। गर्मी के कारण फोन भी गर्म हो जाता है और इससे उसकी बैटरी खराब होने का खतरा रहता है। नए फोन की बैटरी भी खराब हो सकती है। इस कारण मैंने फोन इस्तेमाल करने की कुछ आदतों के साथ-साथ फोन की सेटिंग में भी कुछ मामूली बदलाव किए ताकि उसे भीषण गर्मी में भी सुरक्षित रखा जा सके और ये तरीके स्मार्टफोन यूजर्स के भी काफी काम आ सकते हैं। आइये, जानते हैं।
फिटनेस इन्फ्लुएंसर को भी आ रही दिक्कत – भारत के एक प्रमुख फिटनेस इन्फ्लुएंसर चिराग बड़जात्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि उनका iPhone 17 Pro Max चार्ज होना बंद हो गया क्योंकि वह बहुत अधिक गर्म हो गया था। ये कई बार मेरे साथ भी हुआ है।
क्यों बीच में ही बंद हो जाती है चार्जिंग? – दरअसल, आईफोन में एक सुरक्षा फीचर होता है, जो सिस्टम का तापमान असामान्य रूप से बढ़ने पर चार्जिंग को तुरंत रोक देता है।
ऐपल के अलावा, अन्य स्मार्टफोन ब्रांड भी अपने डिवाइसेस में इसी तरह के सुरक्षा फीचर्स देते हैं ताकि बैटरी को खराब होने से बचाया जा सके।
इस फीचर के जरिए बैटरी को खराब होने से बचाने में मदद मिलती है।
सीधी धूप से बचाएं- अपने फोन को सीधी धूप और 35°C (95°F) से ज्यादा गर्म माहौल से दूर रखें।
ऐपल, सैमसंग और अन्य स्मार्टफोन ब्रांड चेतावनी देते हैं कि अत्यधिक गर्मी चार्जिंग की स्पीड को धीमा कर सकती है और बैटरी को हमेशा के लिए नुकसान पहुंचा सकती है।
फोन को सामान्य रूप से ठंडा होने दें- यदि आपका फोन बहुत ज्यादा गर्म हो जाता है, तो दोबारा इस्तेमाल करने या चार्ज करने से पहले उसे कमरे के सामान्य तापमान पर रखकर ठंडा होने दें।
कवर हटाकर चार्ज करें- अगर फोन पर मोटा कवर लगा है तो चार्ज करते समय फोन के केस या कवर को हटा दें। ऐपल और सैमसंग जैसे ब्रांड्स का कहना है कि कवर के कारण अंदर रुकी हुई गर्मी लंबे समय में बैटरी की क्षमता को कम कर सकती है।
असली चार्जर का इस्तेमाल करें- सबसे जरूरी बात है कि अपने स्मार्टफोन के लिए हमेशा कंपनी का असली या ब्रांड द्वारा सर्टिफाइड चार्जर ही इस्तेमाल करें।
बैकग्राउंड ऐप्स बंद करें- जिन ऐप्स का इस्तेमाल नहीं हो रहा है, उन्हें बंद कर दें। ये ऐप्स बैकग्राउंड में बैटरी की खपत करते रहते हैं और फोन को तेजी से गर्म करते हैं।
ब्राइटनेस कम करें- -घर से बाहर निकलने पर स्क्रीन की ब्राइटनेस कम रखें और ‘अडैप्टिव ब्राइटनेस’ को बंद कर दें, क्योंकि ब्राइटनेस का हाई लेवल अतिरिक्त गर्मी पैदा करता है और बैटरी को तेजी से खत्म करता है।
बैटरी सेवर मोड ऑन करें- अत्यधिक गर्मी के दौरान फोन पर पड़ने वाले लोड को कम करने और बैकग्राउंड एक्टिविटी को सीमित करने के लिए ‘बैटरी सेवर मोड’ को ऑन कर दें।
डार्क मोड का इस्तेमाल करें- यदि आपके फोन में OLED या AMOLED डिस्प्ले है, तो ‘डार्क मोड’ पर स्विच कर लें। डार्क पिक्सल कम पावर की खपत करते हैं और इससे गर्मी भी कम पैदा होती है।
Home / Business & Tech / जब गर्मी से तपने लगा मेरा फोन और रुक गई चार्जिंग तो मैंने तुरंत किए ये काम, आप भी जानें, नहीं खराब होगी बैटरी
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website