Wednesday , June 3 2026 5:26 PM
Home / Sports / वैभव सूर्यवंशी को अभी नहीं मिलनी चाहिए टीम इंडिया में जगह, संजय मांजरेकर ने BCCI को दी बड़ी चेतावनी!

वैभव सूर्यवंशी को अभी नहीं मिलनी चाहिए टीम इंडिया में जगह, संजय मांजरेकर ने BCCI को दी बड़ी चेतावनी!


IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए 776 रन और 237.31 के स्ट्राइक रेट से तबाही मचाने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को लेकर इस समय भारतीय क्रिकेट गलियारों में एक नई बहस छिड़ गई है। सीजन में रिकॉर्ड 72 छक्के लगाकर ऑरेंज कैप और MVP का खिताब जीतने वाले बिहार के इस लाल को इसी महीने आयरलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए सीनियर टीम इंडिया में शामिल करने की मांग लगातार तेज हो रही है। वैभव फिलहाल श्रीलंका दौरे पर गई इंडिया ए टीम का हिस्सा हैं, लेकिन उन्हें इतनी जल्दी सीनियर टीम में प्रमोट करने के विचार पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज और मशहूर कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने चयनकर्ताओं को एक बेहद जरूरी और कड़क सलाह दी है।
मांजरेकर ने बीसीसीआई को दी चेतावनी – संजय मांजरेकर का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी में गजब की प्रतिभा है, लेकिन उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट के मुश्किल विदेशी दौरों पर सीधे एक्सपोज करना उनके करियर के लिए आत्मघाती हो सकता है। स्पोर्टस्टार से बातचीत में मांजरेकर ने कहा, ‘टी20 टीम में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा जैसे स्थापित खिलाड़ियों के बाद वैभव निश्चित रूप से अगली कतार में हैं। लेकिन अगर उन्हें भारतीय टीम में चुना भी जाता है, तो मैं उन्हें पहले आईपीएल जैसी ही भारतीय पिचों और कंडीशंस में खेलते देखना चाहूंगा। उन्हें सीधे न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका या आयरलैंड जैसी विदेशी पिचों पर सीधे उतार देना एक अच्छा विचार नहीं होगा।’
मांजरेकर ने आगे कहा कि शुभमन गिल और वैभव सूर्यवंशी में से किसे आगे रखा जाए, यह चयनकर्ताओं के लिए एक कठिन फैसला होगा। इसलिए इस प्रक्रिया को स्वाभाविक रूप से आगे बढ़ने देना चाहिए। उन्होंने टी20 क्रिकेट की अनिश्चितता पर चुटकी लेते हुए यह भी कहा, ‘कुछ ही महीनों में चीजें बदल जाती हैं, आज कोई अभिषेक शर्मा की बात नहीं कर रहा है।’
रोहित शर्मा से की तुलना, 2023 वर्ल्ड कप जैसा रोल निभा सकते हैं वैभव – मांजरेकर वैभव की काबिलियत से बेहद प्रभावित हैं और उन्होंने उनकी तुलना दिग्गज कप्तान रोहित शर्मा से कर दी। उन्होंने कहा कि वैभव सिर्फ टी20 तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि वे वनडे क्रिकेट में भी गेम चेंजर साबित हो सकते हैं। ‘वैभव 50 ओवर क्रिकेट भी खेलते हैं। मुझे लगता है कि उनके पास पहले 10 ओवरों में आकर बिल्कुल वैसा ही खेल दिखाने की अद्भुत क्षमता है, जैसा रोहित शर्मा ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप में दिखाया था, बल्कि शायद रोहित से भी बेहतर! अगर वे सिर्फ टी20 सनसेशन बनकर रहना चाहते हैं, तो भी कोई बुराई नहीं है, लेकिन उनके पास हर फॉर्मेट का खिलाड़ी बनने का दम है।’
कहानी को धीरे-धीरे आगे बढ़ने दें – संजय मांजरेकर – अंत में मांजरेकर ने कहा कि फिलहाल हमें इस 15 साल के बच्चे के इस अद्भुत सफर का लुत्फ उठाना चाहिए और उनके भविष्य को लेकर किसी जल्दबाजी में निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि वह इस सीजन में किसी भी विरोधी टीम के लिए सबसे खतरनाक बल्लेबाज थे। अब हमें बस रुकना चाहिए और देखना चाहिए कि आगे यह कहानी कैसे सामने आती है।’