Tuesday , June 9 2026 7:49 AM
Home / News / हिजबुल्लाह पर स्ट्राइक से भड़का ईरान, इजरायल पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला, मिडिल ईस्ट में फिर शुरू होगा युद्ध?

हिजबुल्लाह पर स्ट्राइक से भड़का ईरान, इजरायल पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला, मिडिल ईस्ट में फिर शुरू होगा युद्ध?


ईरान ने रविवार रात इजरायल पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है, जिसके बाद मध्य पूर्व एक बार फिर से पूर्ण युद्ध की कगार पर पहुंच गया है। पिछले दो महीने से जारी युद्ध विराम के बीच इजरायल पर ईरान का यह पहला हमला है। ईरान का मिसाइल हमला इजरायल के बेरूत पर एयर स्ट्राइक के ठीक बाद किया गया है। इजरायली सेना ने बताया कि उसने ईरान से दागी गई मिसाइलों का पता लगाया और तुरंत एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिवेट कर दिए। इजरायल के कई इलाकों में सायरन बजने लगे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इजरायली सेना ने कहा, “IDF ने ईरान से इजरायल की ओर दागी गई मिसाइलों की पहचान की है। इस खतरे को रोकने के लिए रक्षा प्रणालियां काम कर रही हैं।” सेना ने कहा कि इजरायली एयर फोर्स ने ईरान से दागी गई सभी मिसाइलों को रोक दिया है। इसने बताया कि उसने इजरायल की ओर दागी गई कुछ और मिसाइलों की भी पहचान की है। अभी तक किसी के हताहत होने का किसी नुकसान की खबर नहीं है।
ईरान ने कहा बेरूत हमले का जवाब – इजरायली मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रात करीब 10 बजे इजरायल की उत्तरी हिस्से पर लगभग 10 मिसाइलें दागी गईं। ईरान ने कहा है कि उसने ये मिसाइलें बेरूत के दक्षिणी उपनगर दाहिए पर इजरायल के हमले के जवाब में दागी हैं। इजरायल ने बेरूत हमले में ईरान के प्रॉक्सी हथियारबंद समूह हिजबुल्लाह के मुख्यालय को निशाना बनाया था।
इजरायल ने ईरान के हमले का बदला लेने की कसम खाई है। इजरायली सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर ने कहा कि इजरायल तेहरान पर जवाबी हमला करने के लिए तैयार है, लेकिन उसे राजनीतिक नेतृत्व से मंजूरी का इंतजार है। लेकिन हमले के कुछ देर बाद ही ट्रंप ने कहा कि वह नेतन्याहू से जवाबी कार्रवाई न करने के लिए कहेंगे। ट्रंप ने कहा कि इससे ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत पटरी से उतर सकती है, जिसके बारे में उनका दावा है कि यह नतीजे के बहुत करीब है।