Monday , June 15 2026 7:51 AM
Home / Entertainment / हिमाचल प्रदेश में Deadpool 3 फेम जॉर्ज रिचमंड के साथ गंभीर हादसा, वायुसेना ने 2 हेलीकॉप्‍टर भेज बचाई जान

हिमाचल प्रदेश में Deadpool 3 फेम जॉर्ज रिचमंड के साथ गंभीर हादसा, वायुसेना ने 2 हेलीकॉप्‍टर भेज बचाई जान


हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों में छुट्टियां मनाने गए मशहूर ब्रिटिश सिनेमैटोग्राफर जॉर्ज रिचमंड के साथ गंभीर हादसा हो गया है। ‘डेडपूल 3’, ‘टॉम्‍ब रेडर’ और ‘फैंटास्टिक बीस्ट्स: द सीक्रेट्स ऑफ डंबलडोर’ जैसी बड़ी हॉलीवुड फ‍िल्मों में काम कर चुके जॉर्ज कुल्‍लू में देव टिब्‍बा इलाके में पैराग्लाइडिंग कर रहे थे। यह हादसा इतना गंभीर था कि स्थानीय प्रशासन और भारतीय वायु सेना (IAF) के संयुक्त ऑपरेशन में उन्हें बचाया। हादसे में बुरी तरह घायल हुए 54 साल के जॉर्ज रिचमंड को वहां से चंडीगढ़ लाया गया, जहां गुरुवार को PGI अस्‍पताल में उनकी रीढ़ की हड्डी की सर्जरी हुई है।
‘टाइम्‍स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक, जॉर्ज रिचमंड के साथ यह हादसा 9 जून को लगभग 12,000 फीट की ऊंचाई पर हुआ। जॉर्ज रिचमंड कई दिनों के ‘बिवाक फ्लाइंग’ एडवेंचर पर थे। यह क्रॉस-कंट्री पैराग्लाइडिंग का एक तरीका है, जिसमें पायलट दिन में उड़ान भरते हैं और रात में सुनसान इलाकों में कैंप लगाते हैं। बीर बिलिंग की दुनियाभर में मशहूर पैराग्लाइडिंग साइट से उड़ान भरने के बाद वह 8 जून को माउंट देव टिब्बा के बेस से टेक-ऑफ कर रहे थे। माउंट देव टिब्बा पीर पंजाल रेंज की दूसरी सबसे ऊंची चोटी है, जिसकी ऊंचाई 19,688 फीट है।
वायुसेना ने भेजे 2 हेलीकॉप्‍टर, इलाज के लिए ‘रेड-अलर्ट’ – जॉर्ज रिचमंड के साथी पैराग्लाइडर्स ने कुल्लू प्रशासन को सूचना दी, जिसने तुरंत ब्रिटिश दूतावास को खबर की। इसके फौरन बाद एक रेस्‍क्‍यू मिशन चलाया गया। जॉर्ज रिचमंड को निकालने के लिए IAF के दो हेलीकॉप्टर भेजे गए। कुछ ही घंटों में उन्हें भुंतर एयरपोर्ट ले जाया गया और फिर कुल्लू रीजनल हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। वहां शुरुआती इलाज के बाद उन्हें ‘रेड-अलर्ट’ इमरजेंसी के तहत हाई-प्रायोरिटी केस मानते हुए PGI-चंडीगढ़ (220 किमी दूर) के एडवांस्ड ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
गर्दन को टाइटेनियम प्लेट और चार मेडिकल स्क्रू से जोड़ा गया – दिग्‍गज सिनेमैटोग्राफर का इलाज अस्‍पताल के न्यूरोसर्जन, ऑर्थोपेडिक स्पाइन स्पेशलिस्ट और कार्डियक एनेस्थेटिस्ट की एक मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम कर रही है। सीनियर ऑर्थोपेडिक स्पाइन सर्जन डॉ. विशाल कुमार की अगुवाई में गुरुवार, 11 जून को उनकी सर्जरी हुई है। डॉ. विशाल ने कहा, ‘उनके गर्दन के हिस्से को टाइटेनियम प्लेट और चार मेडिकल स्क्रू की मदद से स्थायी रूप से जोड़ा गया, ताकि उसे पूरी तरह से मजबूती मिल सके। अब हमें उम्मीद है कि कुछ ही दिनों में वे चलने-फिरने लगेंगे।’
डॉक्‍टर ने दिया जॉर्ज रिचमंड का हेल्‍थ अपडेट – डॉक्टर ने समाचार एजेंसी ‘पीटीआई’ से भी बातचीत में जॉर्ज रिचमंड का हेल्‍थ अपडेट दिया है। ऑर्थोपेडिक्स विभाग के हेड डॉ. विजय गोनी ने बताया, ‘अस्पताल पहुंचने पर उन्हें शुरुआती प्राथमिक उपचार दिया गया और गर्दन को सहारा देने के लिए हार्ड सर्वाइकल कॉलर लगाया गया। शुरुआती प्रक्रिया के बाद, गुरुवार को सर्जरी हुई। उन्‍हें 48 घंटे तक निगरानी में रखा गया है। हालत स्थिर है।’
जॉर्ज रिचमंड कौन हैं? – जॉर्ज रिचमंड ब्रिटेन के सबसे मशहूर और सक्‍सेसफुल सिनेमैटोग्राफर्स में से एक हैं। वह 1990 से ही फ‍िल्म इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत कैमरा डिपार्टमेंट से की थी और कई प्रोडक्शंस में सेकंड असिस्टेंट कैमरामैन के तौर पर काम किया। इसके बाद 2008 में ‘द हाइड’ फिल्म से उन्‍होंने बतौर सिनेमैटोग्राफर डेब्यू किया।
जॉर्ज रिचमंड की फिल्‍में – अपने शानदार करियर में जॉर्ज रिचमंड ने ‘टॉम्ब रेडर’, ‘किंग्समैन: द सीक्रेट सर्विस’ ‘किंग्समैन: द गोल्डन सर्कल’ और ‘फैंटास्टिक बीस्ट्स: द सीक्रेट्स ऑफ डंबलडोर’ जैसी सुपरहिट फिल्‍में दी हैं। उनके हालिया काम में मार्वल की ब्लॉकबस्टर फ‍िल्म ‘डेडपूल एंड वुल्वरिन’, साल 2025 में आई ‘नाउ यू सी मी: नाउ यू डोंट’ शामिल हैं। जॉर्ज रिचमंड ने फिल्‍मों के साथ ही टीवी प्रोजेक्ट्स पर भी काम किया है। वह ‘वन मैन वॉकिंग’, ‘प्लेहाउस प्रेजेंट्स’ और ‘द ग्रेट ट्रेन रॉबरी’ जैसे प्रोजेक्‍ट्स का हिस्‍सा रहे हैं।