
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की है। अपने पहले मुकाबले में अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को 3-0 से करारी शिकस्त दी। इस एकतरफा जीत के सबसे बड़े हीरो टीम के स्टार फुटबॉलर और कप्तान लियोनेल मेसी रहे। मेसी ने मैदान पर जादुई खेल दिखाते हुए शानदार हैट्रिक दागी और विपक्षी टीम के डिफेंस को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया। मेसी के इस प्रदर्शन की बदौलत अर्जेंटीना ने टूर्नामेंट में अपने इरादे साफ कर दिए हैं।
200वें मैच में हैट्रिक – यह मुकाबला लियोनेल मेसी के करियर के लिए बेहद खास और ऐतिहासिक रहा। अर्जेंटीना की जर्सी में यह उनका 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच था, जिसे उन्होंने अपने पहले विश्व कप हैट्रिक के साथ यादगार बना दिया। इसके साथ ही मेसी दुनिया के ऐसे चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने छह अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप टूर्नामेंट्स में हिस्सा लिया है। 38 से अधिक की उम्र में भी उनकी ड्रिब्लिंग और सटीकता मैदान पर साफ नजर आई जिसने फैंस को झूमने पर मजबूर कर दिया।
वर्ल्ड कप में हुए सबसे ज्यादा गोल – मैच के दौरान मेसी ने फ्रांस के स्टार फुटबॉलर किलियन एम्बाप्पे के एक बड़े रिकॉर्ड को भी मटियामेट कर दिया। मैच से पहले एम्बाप्पे के नाम फीफा वर्ल्ड कप में 14 गोल दर्ज थे, लेकिन मेसी ने इस मुकाबले में 3 गोल दागकर अपनी कुल गोल संख्या को 16 पर पहुंचा दिया। चंद घंटों के भीतर ही मेसी ने एम्बाप्पे को पीछे छोड़ते हुए विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले जर्मनी के दिग्गज मिरोस्लाव क्लोस (16 गोल) के सर्वकालिक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। अब वह विश्व कप इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
17वें मिनट में पहला गोल – मैच की शुरुआत से ही अर्जेंटीना ने अल्जीरिया पर दबाव बना लिया था। खेल के 17वें मिनट में ही मेसी का जादू देखने को मिला जब रोड्रिगो डि पॉल के एक बेहतरीन पास को नियंत्रित करते हुए उन्होंने अल्जीरियाई गोलकीपर को छकाकर टीम का खाता खोला। इसके बाद 60वें मिनट में मेसी ने खुद खेल को आगे बढ़ाया और निको गोंजालेज के क्रॉस पर मैक एलिस्टर के शॉट को गोलकीपर द्वारा रोके जाने के बाद रिबाउंड पर बेहद आसानी से मैच का अपना दूसरा गोल दाग दिया।
76वें मिनट में तीसरा गोल – मेसी यहीं नहीं रुके, खेल के 76वें मिनट में उन्होंने मैदान के बीचों-बीच से गेंद को ड्रिबल करते हुए गोंजालेज को पास दिया। गोंजालेज ने गेंद को वापस बॉक्स के किनारे खड़े मेसी की तरफ बढ़ाया और इस महान खिलाड़ी ने बिना कोई गलती किए एक शानदार शॉट के जरिए गेंद को नेट के निचले कोने में डाल दिया। इस तीसरे गोल के साथ ही मेसी ने अपनी हैट्रिक पूरी की और अर्जेंटीना की 3-0 से शानदार जीत पर मुहर लगा दी।
Home / Sports / गोल, गोल और दनादन गोल, लियोनेल मेसी की हैट्रिक से धांसू रिकॉर्ड, अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को यूं रौंदा
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website