Friday , June 19 2026 5:48 PM
Home / News / ‘CCTV फुटेज में नोट चुराते दिखा कर्मचारी’, राम मंदिर चंदा चोरी पर बोले नृपेंद्र मिश्र- निगरानी व्यवस्था में दिखीं खामियां

‘CCTV फुटेज में नोट चुराते दिखा कर्मचारी’, राम मंदिर चंदा चोरी पर बोले नृपेंद्र मिश्र- निगरानी व्यवस्था में दिखीं खामियां


राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों की जांच के दौरान काउंटिंग की निगरानी व्यवस्था में कई खामियां सामने आई है। एक सीसीटीवी फुटेज में गिनती में लगा एक कर्मचारी नोटों की गड्डियों को बॉक्स में न डालकर अपने पास ही रखता दिखा है। मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र ने एक इंटरव्यू में यह जानकारी दी। SIT ने ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ. अनिल मिश्र से पूछताछ की। उधर, एसआईटी ने गुरुवार को चौथे दिन भी मंदिर परिसर में जांच की। इस दौरान ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ. अनिल मिश्र समेत करीब 24 लोगों से पूछताछ की गई।
नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि चढ़ावे में आई रकम को गिनने वाले कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्डिंग को केवल 45 दिन तक ही सुरक्षित रखा जा सकता है। इसके बाद डेटा खुद डिलीट हो जाता है। इसलिए एसआईटी को कठिनाई आ रही है और जांच में समय लग सकता है।
आंख का इलाज कराने केरल गए थे डॉ. अनिल मिश्र – सूत्रों के मुताबिक, SIT ने डॉ. अनिल मिश्र से मंदिर में काउंटिंग व्यवस्था और वहां तैनात कर्मचारियों के बारे में पूछताछ की। डॉ. मिश्र और चंपत राय के बयानों को क्रॉस चेक भी किया। सूत्रों ने बताया कि एसआईटी की प्रारंभिक जांच पूरी होने वाली है। आपको बता दें कि डॉ. मिश्र अपनी आंखों के इलाज के लिए केरल गए थे। वह बुधवार को ही लौटे हैं। वह मंदिर में चंदा काउंटिंग व्यवस्था के प्रभारी और ट्रस्ट के तरफ तैनात टीम के नियोक्ता भी हैं।
योगी आज अयोध्या में, दूर रहेगा ट्रस्ट ? – सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को यहां परिक्रमा मार्ग पर करीब 15 करोड़ की लागत से बने वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे। वह नगर निगम के नवनिर्मित क्षेत्रीय कार्यालय समेत 291 करोड़ की 245 परियोजनाओ का उ‌द्घाटन/लोकार्पण करेंगे। फिर रुदौली के कामाख्या मंदिर में दर्शन करने के बाद सभा को संबोधित करेंगे। वह मणिराम छावनी में महंत नृत्य गोपाल के जन्मोत्सव में भी शामिल होंगे। चर्चा है कि चढ़ावा चोरी के आरोपो से घिरे ट्रस्ट के पदाधिकारी सीएम के कार्यक्रम से दूरी बना कर रखेंगे। हालांकि, डीएम शशांक त्रिपाठी के मुताबिक प्रशासन ने सीएम के प्रोटोकॉल में इस पर कोई निर्देश नहीं जारी किया है।