Sunday , July 5 2026 8:55 PM
Home / Business & Tech / U-Shape AC: विंडो AC से भी आगे की तकनीक, जानें U-शेप AC क्या है? भारत में क्या है कीमत और फायदे?

U-Shape AC: विंडो AC से भी आगे की तकनीक, जानें U-शेप AC क्या है? भारत में क्या है कीमत और फायदे?


आपने खिड़की पर फिट होने वाले विंडो AC तो देखे होंगे लेकिन क्या आप U आकार वाले विंडो AC के बारे में जानते हैं? दरअसल इसे आप विडों AC से एक कदम आगे की तकनीक समझ सकते हैं, जिसे ना सिर्फ खिड़की पर लागाना काफी आसान है बल्कि यह कूलिंग के मामले में भी नेक्स्ट जेनरेशन तकनीक है। दरअसल U शेप AC उन कई कमियों को पूरा करते हैं, जो कि साधारण विंडो AC में देखने को मिलती हैं।
U शेव वाले AC आपकी खिड़की को ना ही पूरा ब्लॉक करते हैं और ना ही इनमें लगे कंप्रेसर की आवाज कमरे के अंदर आती है। दरअसल इसका अनोखा U आकार न सिर्फ आपकी खिड़की को आसानी से खुलने और बंद होने लायक बनाता है बल्कि इसका कंप्रेसर एक यूनिट का हिस्सा होते हुए भी खिड़की के बाहर रहता है। इससे कमरे में सिर्फ AC का कूलिंग करने वाला हिस्सा ही रहता है। इसे आप विंडो AC के आकार में स्प्लिट AC वाली तकनीक समझ सकते हैं।
U शेप टेक्नोलॉजी वाले AC का चलन मुख्य रूप से अमेरिका जैसे देशों में ज्यादा है लेकिन भारत में भी इन्हें कई वेबसाइट्स पर इंपोर्ट कर बेचा जाता है।
क्या है U शेप AC? – यू शेप AC को आप विंडो AC का एक एडवांस रूप समझ सकते हैं। इस AC के आकार में आपको U अक्षर जैसा डिजाइन मिलता है, जिसकी वजह से इसका नाम U शेप या U आकार वाला AC पड़ गया।
दरअसल साधारण विंडो AC एक चौकोर बॉक्स की तरह होते हैं, जो खिड़की को पूरी तरह ब्लॉक कर देते हैं। वहीं यू-शेप एसी के बीच में U शेप का गहरा गैप होता है, जो इसे दो हिस्सों में बांटता है।
अपने U शेप वाली जगह से यह खिड़की के निचले हिस्से पर टंग जाता है और इसमें मौजूद नट-बोल्ट की मदद से कोई भी इसे खिड़की पर कस सकता है। इससे खिड़की का बाकी ऊपरी हिस्सा इस्तेमाल के लिए फ्री रहता है।​
साधारण AC से कैसे बेहतर है U शेप AC? – U शेप AC और किसी साधारण विंडो AC में बड़ा फर्क है कि साधारण AC पूरी खिड़की को घेर लेते हैं और AC लगने के बाद वह खिड़की किसी काम की नहीं रह जाती। वहीं U शेप AC के बीच में गैप होता है, जिसकी वजह ये यह खुड़की के निचले हिस्से पर टंग जाता है और खिड़की के ऊपरी हिस्से के इस्तेमाल को नहीं रोकता। ऐसे में जब AC की जरूरत ना हो, तो खिड़की का इस्तेमाल ताजा हवा के लिए किया जा सकता है।
इसके खास डिजाइन की वजह से AC का वो हिस्सा जिसमें कंप्रेसर लगा होता है, फिटिंग के बाद खिड़की से बाहर रह जाता है। इसके बाद कंप्रेसर का शोर या वाइब्रेशन भी कमरे से बाहर रह जाती है और अंदर सिर्फ ठंडी हवा आ पाती है।
​ज्यादातर यू-शेप एसी एडवांस इनवर्टर कंप्रेसर तकनीक के साथ आते हैं, जो पुराने या साधारण फिक्स्ड-स्पीड विंडो एसी के मुकाबले बिजली की भारी बचत करते हैं।
इसके अलावा इस AC की फिटिंग के लिए किसी कारीगरी की जरूरत नहीं पड़ती। दरअसल यह बहुत आसानी से खिड़की के फ्रेम पर फिट हो जाता है। साथ ही, इसके लॉक होने के बाद इसे अपनी जगह से हिला पाना नामुमकिन हो जाता है।
साधारण विंडो एसी आमतौर पर सिर्फ रिमोट से कंट्रोल किए जाते हैं जबकि यू-शेप एसी वाई-फाई, मोबाइल ऐप और वॉयस असिस्टेंट से भी लैस होते हैं।
भारत में उपलब्ध हैं U शेप AC? – वैसे तो भारत में U शेप AC बड़ी तादाद में नहीं बेचे जाते लेकिन इस नई तकनीक के AC भारत में उपलब्ध जरूर हैं। दरअसल वोल्टास, एलजी, हिताची या ब्लू स्टार जैसी मुख्य कंपनियां बड़े स्तर पर इन्हें भारत में नहीं बेचतीं। इनके पोर्टफोलियो में नॉर्मल विडों या स्प्लिट AC के ऑप्शन ज्यादा मिलते हैं।
इसके अलावा ग्लोबल लेवल पर U-शेप AC की शुरुआत करने वाला ब्रैंड Midea था, जिसके U-शेप इनवर्टर एसी भारत में खरीदे जा सकते हैं।
इन एयर कंडीशन को मुख्य रूप से क्रॉड बॉर्डर ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर खरीदा जा सकता है। यानी कि वे प्लेटफॉर्म जो सामान बाहर से इंपोर्ट करके बेचते हैं।
भारत में इन्हेें 26 हजार से 50 हजार और कुछ मॉडल्स को 1 लाख रुपये तक में खरीदा जा सकता है।