Thursday , September 10 2026 10:14 PM
Home / Entertainment / Jack Lowden होंगे अगले Jamed Bond? गैरी ओल्‍डमैन का खुलासा- डेनियल क्रेग की जगह नया 007 चुन लिया गया है

Jack Lowden होंगे अगले Jamed Bond? गैरी ओल्‍डमैन का खुलासा- डेनियल क्रेग की जगह नया 007 चुन लिया गया है


सबसे सुपरहिट और सबसे पॉपुलर फिल्‍म फ्रेंचाइज ‘जेम्‍स बॉन्‍ड’ के दुनियाभर में करोड़ों फैंस हैं, और हर किसी के दिल में यही सवाल है कि अगला James Bond कौन होगा? ब्रिटिश जासूस के किरदार में डेनियल क्रेग का सफर अब पूरा हो चुका है। Amazon MGM Studios की अगली जेम्‍स बॉन्‍ड फिल्‍म से एक नए युग की शुरुआत होने वाली है। वैसे तो प्रोडक्‍शन कंपनी ने अभी तक नहीं बताया है कि उसने अगला ‘जेम्‍स बॉन्‍ड’ किसे चुना है, लेकिन ऑस्कर जीत चुके गैरी ओल्डमैन ने दावा किया है कि फ्रेंचाइजी के मालिकों ने अगले 007 को चुन लिया है और वह ‘स्लो हॉर्सेस’ में उनके को-स्‍टार रहे जैक लोडेन हैं!
गैरी ओल्डमैन ने कनाडा के ‘द मॉर्निंग शो’ से कहा, ‘ऐसी चर्चा है कि जैक लोडेन शॉर्टलिस्ट में हैं। हमें जल्द ही पता चल जाएगा, है ना? क्योंकि उन्होंने उसे चुन लिया है। उन्होंने अपना फैसला कर लिया है, लेकिन अभी तक इसकी घोषणा नहीं की है। इसलिए मैं जैक के लिए उम्मीद कर रहा हूं।’
जैक लोडेन समेत इन 5 नाम हुए हैं शॉर्टल‍िस्‍ट – हालांकि, इस दावे पर ‘अमेजन MGM स्टूडियोज’ ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है, लेकिन अगले साल शुरू होने वाले प्रोडक्शन से पहले जैक लोडेन उन एक्‍टर्स में शामिल हैं, जिनका नाम इस फ्रेंचाइजी से जोड़ा जा रहा है। खबरों के मुताबिक, कैलम टर्नर, एरॉन टेलर-जॉनसन, जैकब एलॉर्डी, जैक लोडेन और हैरिस डिकिंसन, वो 5 नाम हैं जो जेम्‍स बॉन्‍ड के रोल के लिए शॉर्टलिस्ट हुए हैं।
शॉन कॉनरी, प्र‍ियर्स ब्रॉसनन और डेन‍ियल क्रेग – इतिहास को खंगाले तो जेम्स बॉन्ड फ‍िल्मों के निर्माता अक्सर इस रोल के लिए नए या कम मशहूर एक्‍टर्स को चुनते हैं। हमने शॉन कॉनरी, पियर्स ब्रॉसनन और डैनियल क्रेग के मामले में ऐसा ही देखा है, जिन्‍हें 007 बॉन्ड के रोल ने सुपरस्‍टार बना दिया। शॉन कॉनरी पहली बार बॉन्ड फ‍िल्म ‘डॉ. नो’ में नजर आए थे। जबकि डेनियल क्रेग की बतौर ब्रिटिश जासूस 007 आखिरी फ‍िल्म ‘नो टाइम टू डाई’ थी।
Bond 26 को डायरेक्‍टर करेंगे डेन‍िस व‍िलेन्‍यूवे- फ्रेंचाइज की नई फिल्‍म जिसे अभी Bond 26 कहा जा रहा के प्री-प्रोडक्‍शन पर काम चल रहा है। डेनिस विलेन्यूवे इस फिल्‍म को डायरेक्ट कर रहे हैं। जबकि कहानी और स्‍क्रीनप्‍ले का जिम्‍मा स्टीवन नाइट के पास है। स्‍टीवन को नेटफ्ल‍िक्स की ‘पीकी ब्लाइंडर्स’ के क्रिएटर के तौर पर जाना जाता है।
जैक लोडेन की पत्‍नी ने भी बॉन्‍ड गर्ल बनने की जताई है इच्‍छा – यहां एक बात और गौर करने वाली है कि जैक लोडेन की पत्नी और एक्ट्रेस साओइर्स रोनन ने भी बॉन्‍ड फ्रेंचाइजी में विलेन के तौर पर शामिल होने में दिलचस्पी दिखाई है। रोनन ने बीते दिनों ‘एम्पायर’ से बातचीत में कहा था, ‘मुझे लगता है कि एक यंग लेडी विलेन का होना बहुत दिलचस्प होगा। खासकर लड़कियों और महिलाओं के लिए किसी ऐसे को देखना, जो अपने अंदर दबे गुस्से को बाहर निकाल सके और उसे किसी दिशा में मोड़ सके दिलचस्प होगा। इसलिए मैं ऐसा और करना चाहूंगी।’