Thursday , September 10 2026 10:15 PM
Home / News / भारत की तारीफ और चीन-पाकिस्तान की आलोचना, UNHRC चीफ ने CJP प्रदर्शन पर मोदी सरकार को सराहा

भारत की तारीफ और चीन-पाकिस्तान की आलोचना, UNHRC चीफ ने CJP प्रदर्शन पर मोदी सरकार को सराहा


संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने नई दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर भारत की प्रतिक्रिया की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि युवा नेताओं के साथ बातचीत करना, बल के अत्यधिक प्रयोग की तुलना में कहीं अधिक प्रभावी तरीका था। इस दौरान उन्होंने चीन और पाकिस्तान की जमकर आलोचना भी की। उन्होंने कहा कि चीन और पाकिस्तान विरोध प्रदर्शन को दबाने के लिए अत्याधिक घातक बल का इस्तेमाल कर रहे हैं और लोगों को मनमाने ढंग से हिरासत में रखते हैं।
UNHRC चीफ ने भारत को लेकर क्या कहा? – सोमवार को जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के 63वें सत्र को संबोधित करते हुए, तुर्क ने भारत को इस बात का उदाहरण बताया कि सरकारों को सार्वजनिक विरोध प्रदर्शनों और युवाओं के नेतृत्व वाले आंदोलनों पर कैसी प्रतिक्रिया देनी चाहिए। तुर्क ने कहा, “भारत में हालिया विरोध प्रदर्शनों ने दिखाया कि सबसे अच्छी प्रतिक्रिया युवा नेताओं के साथ बातचीत है, न कि बल का अत्यधिक प्रयोग।” तुर्क ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सूचना तक पहुंच का अधिकार सरकारों और उनके नागरिकों के बीच विश्वास बनाने के लिए आवश्यक है।
चीन-पाकिस्तान की आलोचना की – संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख ने कई देशों में विरोध प्रदर्शनों के बलपूर्वक दमन पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में अधिकारियों ने विरोध प्रदर्शनों को दबाने के लिए “अत्यधिक घातक बल और मनमाने ढंग से हिरासत में लेने” का तरीका अपनाया। तुर्क ने चीन को लेकर भी गंभीर चिंताएं जताईं। उन्होंने कहा कि वे शिनजियांग उइघुर स्वायत्त क्षेत्र में मानवाधिकारों की स्थिति को लेकर बेहद चिंतित हैं।
चीन पर तिब्बत और शिनजियांग में अत्याचार का आरोप – उन्होंने चीनी अधिकारियों से राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद-रोधी कानूनों की समीक्षा करने, अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को मजबूत करने और यातना सहित मानवाधिकारों के उल्लंघन के आरोपों की जांच करने का आग्रह किया। UN मानवाधिकार प्रमुख ने चीन में तिब्बती लोगों के अधिकारों, विशेषकर उनकी धार्मिक स्वतंत्रता पर बढ़ती पाबंदियों की ओर भी ध्यान दिलाया और ऐसी नीतियों को तुरंत बदलने की मांग की।
UNHRC चीफ ने इन देशों पर साधा निशाना – दक्षिण एशिया और चीन के अलावा, तुर्क ने कई अन्य देशों में दमन की आलोचना की। उन्होंने ईरानी अधिकारियों पर दमन तेज करने का आरोप लगाया और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े आरोपों में फांसी की सजा में भारी वृद्धि का उल्लेख किया। उन्होंने निकारागुआ में विपक्षी दलों पर प्रतिबंधों, रूस में राजनीतिक विरोध को दबाने और अजरबैजान, जॉर्जिया, ट्यूनीशिया और युगांडा सहित कई देशों में नागरिक स्वतंत्रता और मीडिया की आजादी पर बढ़ती पाबंदियों की ओर भी इशारा किया।