
डब्ल्यूडब्ल्यूई हॉल ऑफ फेमर और कुश्ती की दुनिया में द नेचर बॉय के नाम से मशहूर दिग्गज रेसलर रिक फ्लेयर को लेकर एक चिंताजनक खबर सामने आई है। 77 वर्षीय रिक फ्लेयर शुक्रवार सुबह फ्लोरिडा के टाम्पा शहर में एक रेस्टोरेंट के बाहर अचानक गिर पड़े जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया। इस हादसे में उनके सिर और आंख के पास गहरी चोटें आई हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इस घटना से कुछ ही घंटे पहले उन्होंने खुद अपनी टांग में ब्लड क्लॉट होने की जानकारी फैंस के साथ साझा की थी।
रिक फ्लेयर के साथ हादसा – रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिक फ्लेयर रेस्टोरेंट के बार में अपना कुछ सामान भूल गए थे जिसे लेने के लिए वे बाहर निकले थे और तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से गिर पड़े। गिरने की वजह से उनके चेहरे और सिर पर कटे के निशान बन गए और काफी खून बहने लगा। मौके पर पहुंचे आपातकालीन चिकित्सा दल ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती रिपोर्ट्स में सिर पर गंभीर चोट लगने की वजह से कंसक्शन की आशंका जताई गई है हालांकि अस्पताल से उनकी ताजा स्थिति को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
कुछ ही देर पहले किया था पोस्ट – इस हादसे से कुछ ही समय पहले रिक फ्लेयर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपने आगामी कार्यक्रमों को रद्द करने का ऐलान किया था। उन्हें वाशिंगटन स्टेट हॉरर कॉन कार्यक्रम में शामिल होना था लेकिन स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के कारण उन्हें यह दौरा रद्द करना पड़ा। डॉक्टरों ने उनकी टांग में जमे खून के थक्के को देखते हुए उन्हें तीन से चार घंटे से अधिक लंबी यात्रा न करने की सख्त हिदायत दी थी जबकि सिएटल का यह सफर उस तय समय सीमा से काफी ज्यादा लंबा था।
फिलहाल रिक फ्लेयर का अस्पताल में इलाज जारी है और दुनिया भर में मौजूद उनके करोड़ों फैंस उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
Home / Sports / WWE के मशहूर रेसलर की हालत गंभीर, रेस्टोरेंट के बाहर गिरने से फटा सिर, जल्दी-जल्दी अस्पताल में कराना पड़ा एडमिट
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website