
रोम। अपने क्रिस्टल के लिए दुनियाभर में मशहूर ऑस्ट्रियाई ब्रांड स्वारोवस्की की उत्तराधिकारी विक्टोरिया स्वारोवस्की ने इटली में एक शाही समारोह में कारोबारी वर्नर मूर्स से विवाह किया। विक्टोरिया ने शादी के लिए 6 करोड़ रुपए कीमत वाला वेडिंग गाउन पहना।
इसकी खासियत थी कि इस पर स्वारोवस्की के ही पांच लाख क्रिस्टल लगे हुए थे, जिससे यह बेहद आकर्षक दिख रहा था। इस गाउन का वजन 46 किलो था और इसका ट्रेन (गाउन के पीछे लगा कपड़ा) करीब 8 मीटर लंबा था। विवाह के लिए चर्च जाते समय इस गाउन को उठाने के लिए ही विक्टोरिया को 10 लोगों की मदद लगी थी।
विक्टोरिया ने दुबई के डिजाइनर माइकल सिन्को के साथ मिलकर तैयार किया था। सिन्को ने कुछ समय पहले ही अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन के लिए एक “सिंड्रेला गाउन” तैयार किया था, जिसे उन्होंने कान फिल्म समारोह में पहना था। तीन दिन चले समारोह में रोजाना अलग-अलग थीम रखी गई थी।
शादी से ठीक एक दिन पहले लाल और सफेद रंग की थीम में 250 मेहमान पार्टी में शामिल हुए थे। इंटरनेट पर भी लोकप्रिय23 वर्षीय विक्टोरिया पेशे से एक गायिका हैं और सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं। वह 17 साल की उम्र में सोनी के साथ अनुबंध कर सुर्खियों में रही थीं।
170 देशों में फैला है ब्रांड
स्वारोवस्की कंपनी की स्थापना 1895 में हुई थी। वर्तमान में यह करीब 170 देशों में फैली है, जहां इसके 2,800 स्टोर है। कंपनी के तीन अलग-अलग हिस्से हैं जिसके स्वारोवस्की परिवार के 200 सदस्य मालिक हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website