
लंदन। इंग्लैंड के पूर्व स्टार फुटबॉलर डेविड बेकहम ने अपनी दिवंगत नानी पेगी को श्रद्धांजलि दी है। वेबसाइट डेलीमेल डॉट कॉ डॉट यूके के मुताबिक, गायिका से डिजाइनर बनीं विक्टोरिया बेकहम के पति डेविड ने सोमवार को अपनी दिवंगत नानी की याद में एक प्यारा सा संदेश लिखा, जिनका नवंबर 2013 में 83 साल की उम्र में निधन हो गया था।
डेविड ने ट्विटर पर पेगी के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, आज मेरी नानी का जन्मदिन होता। वे हम सबके लिए कई मायनों में खास थीं। उन्होंने लिखा, एक ऐसी शख्स जिन्होंने अपने परिवार को बहुत प्यार दिया।
वे उन मजबूत महिलाओं में से एक थीं, जिन्हें मैं जानता हूं.. आप हमें याद आती हैं। 42 वर्षीय बेकहम ने वर्ष 1999 में विक्टोरिया से शादी की थी। उनके चार बच्चे हैं। बेकहम वर्ष 1992 से 2003 तक इंग्लिश प्रीमियर क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड से खेलते थे। उन्होंने युनाइटेड के लिए 265 मैच में 62 गोल दागे। बेकहम को वर्ष 2003 से 2007 तक स्पेन के प्रतिष्ठित क्लब रियल मैड्रिड से खेलने का मौका मिला। वहां उन्होंने 116 मैच में 13 गोल किए। इसके बाद वे वर्ष 2012 तक अमेरिकी क्लब एलए गैलेक्सी से जुड़े रहे। बेकहम ने इंग्लैंड की ओर से 115 मैच खेले। उन्होंने मई 2013 में फुटबॉल को अलविदा कह दिया था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website