Saturday , April 25 2026 9:10 AM
Home / News / ट्रंप से मुलाकात के लिए किम को करना पड़ेगा मुश्किलों का सामना

ट्रंप से मुलाकात के लिए किम को करना पड़ेगा मुश्किलों का सामना


प्योंगप्यांग: अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की 12 जून को होने वाली बहुप्रतीक्षित मुलाकात को लेकर दावे किए जा रहे हैं कि किम जोंग को अपने भारी-भरकम जत्थे के साथ सिंगापुर पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

कहा जा रहा है कि इस काम में संसाधनों की कमी उनके आड़े आ सकती है। दिलचस्प बात है कि किम मार्च में ट्रेन से चीन गए थे, लेकिन दूसरी चीन यात्रा उन्होंने हवाई जहाज से की थी। लेकिन नॉर्थ कोरिया के पास किम जोंग की यात्रा के लिए जो हवाई जहाज है वह हाईटैक नहीं है। दूसरा नॉर्थ कोरिया आर्थिक प्रतिबंधों का सामना कर रहा है, ऐसे में उसके पास जेट फ्यूल की कमी भी हो सकती है।

ऐसे में उसे किम जोंग की यात्रा के लिए एक्स्ट्रा फ्यूल का इंतजाम करना होगा. किम के दो प्लेन को सिंगापुर पहुंचने में करीब 50 मीट्रिक टन तेल की जरूरत होगी। चीन ने आधिकारिक रूप से आखिरी बार मार्च में 3 टन ही तेल का निर्यात नॉर्थ कोरिया को किया था।