
छह साल के क्यूट ऑस्ट्रेलियाई बच्चे आर्ची शिलर की खुशी इन दिनों सातवें आसमान पर है। हो भी क्यों ना! खुद नैशनल टीम के कोच जस्टिन लैंगर ने उसके 7वें बर्थडे से ऐन पहले उससे वादा जो किया है कि वह मेलबर्न में बॉक्सिंग डे टेस्ट की टीम का हिस्सा होगा।
जन्म से ही दिल की गंभीर बीमारी से जूझ रहा आर्ची ओपन हार्ट सर्जरी समेत तीन दफा बड़े ऑपरेशन से गुजरा है, लेकिन इससे मेलबर्न टेस्ट की उसकी ‘तैयारियों’ पर कोई असर नहीं पड़ा। उसका दावा है कि वह लेग स्पिनर है और नाथन लियोन का बड़ा फैन है।
विराट को आउट करने का भरोसा
आर्ची का सपना ऑस्ट्रेलियाई सीनियर टीम की कप्तानी करना है और उसे भरोसा है कि वह बैट्समैन नंबर 1 विराट कोहली का विकेट झटक सकता है। ‘मेक अ विश’ फाउंडेशन के सौजन्य से आर्ची बीते मंडे को एडिलेड ओवल में क्रिकेट जगत के अपने हीरोज से भी मिला और कप्तान टीम पेन और नाथन लियोन के साथ फोटोग्राफरों को पोज दिए। यही नहीं, क्रिकेट प्रेमी इस बच्चे को ट्रेनिंग सेशन के दौरान ऑस्ट्रेलियाई किट भी दी गई। जिंदगी की मुश्किलों को ‘क्लीन बोल्ड’ कर इस मासूम ने खुशी का ‘सिक्सर’ मारा है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website