
डॉ. विवेक शर्मा
10 अक्टूबर, 2019 – दोहा में खत्म हुई विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के बाद अब अगला सबसे बड़ा खेल आयोजन ओलंपिक का होगा। साल 2020 में जापान की राजधानी टोक्यो में होने जा रहे इस महा खेल आयोजन में उन सभी एथलीटों पर सभी की नज़रें होंगी जिन्होंने दोहा में अव्वल स्थान हासिल किया। खास तौर पर फर्राटा रेस के नए सितारों को देखने की उत्सुकता सभी के अंदर है। ओलंपिक में भी एथलेटिक्स ईवेंट्स पर सभी की नजरें होती हैं और उसमें भी ट्रेक ईवेंट सभी दर्शकों के चहेते होते हैं। जमैका के यूसैन बोल्ट युग के अंत के बाद सभी को इंतजार इसी बात का था कि नया वर्ल्ड चैंपियन कौन होगा। इसका जवाब मिला अमेरिका के दो 22 साल के धावकों के रुप में। क्रिश्चियन कौलमन ने 100 मीटर की फर्राटा रेस 9.76 सैकंड में जीती तो अमेरिका के ही नोहा लाईल्स ने 200 मीटर की रेस 19.83 सैकंड में जीती। अब देखना ये है कि टोक्यो में ये दोनों धावक इसी कामयाबी को बरकरार रख पाते हैं या नहीं। वहीं दूसरी ओर महिलाओं की फर्राटा रेस में जमैका की शैली एन फ्रेज़र प्राइस ने 10.71 सैकंड में रेस पूरी करते हुए बाजी मारी। मां बनने के बाद प्राइस का ये पहला बड़ा गोल्ड मैडल था। 200 मीटर रेस में एक नया सितारा देखने को मिला। इंग्लैंड की दिना एशेर स्मिथ ने अपने बेहतरीन फॉर्म का परिचय देते हुए 21.88 सैकंड में रेस जीतकर गोल्ड मैडल जीता। वहीं 110 मीटर हर्ड्लस में भी जमैका के मैक्लाउड का बाहर होना और अमेरिका के होलोवे का रेस जीतना साबित करता है कि बोल्ट युग के बाद एक बार फिर अमेरिका के धावकों का दबदबा ट्रेक पर दिखने वाला है। यही ट्रेंड टोक्यो ओलंपिक 2020 में भी देखने को मिलेगा। जबकि महिलाओं की 100 मीटर हर्डल्स में दो बच्चों की मां अमेरिका की निया अली ने सभी को चौंकाते हुए स्वर्ण पदक जीता। 400 मीटर रेस में बहामास के स्टीवन गार्डनर अमेरिकी, ग्रेनाडा और दक्षिण अफ्रीका के दबदबे को तोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। वहीं महिलाओं की 400 मीटर रेस में बहरीन की सल्वा ईद नासेर ने 48.14 सैकंड में रेस पूरी करते हुए ओलंपिक के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी। 400 मीटर हर्डल्स में कोई चौंकाने वाला नाम सामने नहीं आया। गोल्ड के दावेदार नॉर्वे के कार्स्टेन वॉरहोम ने ट्रेक पर अपनी बादशाहत साबित करते हुए 47.42 सैकंड अव्वल स्थान हासिल किया वहीं महिलाओं में अमेरिका की दलैला मोहम्मद ने नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते हुए 400 मीटर हर्डल्स की सिरमौर बनी। इसके पहले भी ये वर्ल्ड रिकॉर्ड दलैला के नाम ही था जो उन्होंने कुछ महीनों पहले ही बनाया। उस वक्त 52.20 का समय लिया था तो दोहा में दलैला मोहम्मद ने 52.16 सैकंड का समय लिया। ओलंपिक खेलों में भी इन्हीं दोनों सितारों के चमकने का अनुमान लगाया जा रहा है।
रिले रेस में भी अमेरिकी चौकड़ी का दबदबा कायम रहा। पुरुषों की 4 गुणा 100 मीटर रिले रेस में क्रिश्चियन कौलमन (स्वर्ण 100मी.) , जस्टिन गेटलिन ( रजत 100 मी.) और नोहा लाईल्स (स्वर्ण 200 मी.) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। वहीं महिलाओं की 4 गुणा 100 मीटर रिले रेस में जमैका की टीम अव्वल रही।
वहीं पुरुषों की 4 गुणा 400 मीटर रिले रेस में भी अमेरिकी परचम ही लहराया। महिलाओं की 4 गुणा 400 मीटर रिले रेस में डलैला मोहम्मद और सिडनी मैकलागिन ने भी हिस्सा लिया और पहला स्थान हासिल किया। वर्ल्ड चैंपियनशिप में पहली बार आयोजित हो रही, मिक्स्ड 4 गुणा 400 मीटर रिले रेस में एलिसन फेलिक्स सहित तीन अन्य धावकों ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मैडल पर कब्जा जमाया। कुल मिलाकर फर्राटा रेस में अमेरिका ने कुल 15 में से 9 स्वर्ण पदक अपने नाम किए और अगले साल होने वाले ओलंपिक खेलों में अपने पुख्ता दावेदारी भी पेश कर दी। वहीं बोल्ट के संन्यास के बाद भी महिला रेस में जमैका का दबदबा देखने को मिला। ग्रेट ब्रिटेन की दीना एशेर स्मिथ भी उभरती हुई धावक हैं जिन पर टोक्यो 2020 में निश्चित तौर पर नजर रहेगी।
ट्रेक ईवेंट के विजेता (फर्राटा रेस)
| पुरुष विजेता | महिला विजेता | |||
| ईवेंट | विजेता | टाइम | विजेता | टाइम |
| 100 mtr. | क्रिश्चियनकौलमन USA | 9.76 s | शैली एन फ्रेज़र प्राइस JAM | 10.71 s. |
| 200 mtr. | नोहा लाईल्स USA | 19.83 s. | दिना एशेर स्मिथ GB | 21.88 s. |
| 400mtr. | स्टीवन गार्डिनर BAH | 43.48 s. | सलवा ईद नासेर BRN | 48.14 s. |
| 400 mtr. हर्डल्स | कार्स्टेन वॉरहोम NOR | 47.42 s. | दलैला मोहम्मद USA | 52.16 s.
WR |
| 110/100 mtr. हर्डल्स | ग्रांट होलोवे USA | 13.10 s. | निया अली USA | 12.34 s. |
| 4X100 | अमेरिका USA | 37.10s. | जमैका JAM | 41.44 s. |
| 4X400 | अमेरिका USA | 2.56.69 | अमेरिका USA | 3.18.92 |
| 4X400 मिक्स्ड | अमेरिका USA | 3.09.34 WR | ||
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website