Wednesday , March 4 2026 3:31 PM
Home / Sports / दोहा चैंपियनशिप : फील्ड ईवेंट्स में अब भी यूरोप और अमेरिका का दबदबा, युवा वर्ग तजुर्बे पर पड़ा भारी

दोहा चैंपियनशिप : फील्ड ईवेंट्स में अब भी यूरोप और अमेरिका का दबदबा, युवा वर्ग तजुर्बे पर पड़ा भारी

14 अक्टूबर, 2019 – दोहा में हुई विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सबसे बड़ी बात जो निकल कर सामने आई वो ये कि 21 साल के चैंपियन खिलाड़ियों की संख्या ज्यादा रही जबकि तजुर्बेकार खिलाड़ियों को कम से ही संतोष करना पड़ा। फील्ड ईवेंट में भी ये ही तथ्य सामने आया। फील्ड ईवेंट्स के नतीजों पर नजर दौड़ाएं तो अमेरिका और यूरोप के एथलीट फील्ड में अफ्रीकी और एशियाई एथलीटों पर भारी दिखाई दिए।

साल 2020 में जापान की राजधानी टोक्यो में होने जा रहे ओलंपिक खेलों में भी ऐसे ही रुझान आने की उम्मीद की जा सकती है क्योंकि ओलिंपक खेलों में अब सिर्फ 10 महीने का समय बचा है। अगले साल 24 जुलाई से 9 अगस्त के बीच खेलों के महाकुंभ का आयोजन होगा।

फील्ड ईवेंट में कुल 18 स्वर्ण पदक दांव पर थे जिसमें से अमेरिकी देशों ( उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका) ने 6 पदक  जीते। जबकि यूरोपीय देशों ने 7 स्वर्ण अपने नाम किए। हालांकि जमैका, ग्रेनाडा, कतर, चीन और ऑस्ट्रेलिया के खाते में भी 1-1 स्वर्ण पदक गया।

लांग जंप में जमैका के टेजे गेल वर्ल्ड रिकार्ड तोड़ने से सिर्फ कुछ सेंटीमीटर दूरी पर रहे। उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 8.69 मीटर दूरी तक छलांग लगाई। वहीं ट्रिपल जंप में अमेरिका के क्रिश्चियन टेलर का तजुर्बा काम आया और उन्होंने 17.92 मीटर दूरी तक छलांग लगाते हुए अपने ही देश के विल क्ले को पीछे छोड़ दिया। हाईजंप में मेजबान देश कतर के मुताज़ बार्शिम ने अपना दबदबा बरकरार रखते हुए 2.37 मीटर ऊंची छलांग लगाते हुए स्वर्ण पर कब्जा जमाया। पोलवाल्ट मुकाबला कांटे का रहा और फ्रांस के लवाने की जगह इस बार विश्व ने अमेरिका के सैम केंड्रिक्स को चैंपियन के रुप में देखा। केंड्रिक्स ने 5.97 मीटर की ऊंचाई पार कर स्वर्ण जीता

महिलाओं के जंपिंग ईवेंट में सबसे नया चेहरा लांग जंप की चैंपियन जर्मनी की मलाइका मिहाम्बो के रुप में देखा। मिहाम्बो ने 7.30 मीटर लंबी कूद लगाई। वहीं ट्रिपल जंप में 23 साल की वेनेजुएला की एथलीट ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मैडल बरकरार रखा। रोयास ने 15.37 मीटर लंबी छलांग लगाई ।हाई जंप और पोल वाल्ट में दोनों ही एथलीट किसी भी देश की ना होकर ऑथोराइज़्ड न्यूट्रल एथलीट के तौर पर जीतीं हालांकि दोनों ही खिलाड़ी रूस की हैं। हाईजंप में मारिया लातिस्केने ने 2.04 मीटर की ऊंचाई पार की वहीं पोल वाल्ट में एंजेलिका सिदोरोवा ने 4.95 मीटर की ऊंचाई छूकर पहला स्थान हासिल किया। अमेरिका की सैंडी मॉरिस दूसरे स्थान पर रहीं।

महिलाओं के सात ईवेंट वाली स्पर्धा हेप्टाथलान में ग्रेट ब्रिटेन की कैटरिना जॉनसन थॉमसन ने 6981 अंक हासिल कर स्वर्ण पर कब्जा जमाया। थॉमसन ने ओलंपिक चैंपियन बेल्जियम की नफीसा थियाम को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। पुरुषों की 10 ईवेंट वाली स्पर्धा डेकाथलान में जर्मनी के युवा स्टार 21 साल के निकोलस कौल ने बाजी मारी। कौल ने 8691 अंक हासिल करते हुए 10 स्पर्धाओं में कुल मिलाकर सभी को पछाड़ दिया। उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन जेवेलिन थ्रो में रहा। पदक के दावेदार माने जा रहे फ्रांस के केविन मायर को निराशा हाथ लगी।

थ्रोईंग ईवेंट में विजेताओं की मिक्स्ड नागरिकता देखने को मिली। शॉटपुट स्पर्धा में कांटे का मुकाबला रहा और गोल्ड और सिल्वर मैडल के बीच .01 सैकंड का अंतर रहा। अमेरिका के जो कोवाक्स 22.91 मीटर दूरी तक गोला फेंक कर स्वर्ण पदक के दावेदार रहे। कोवाक्स ओलिंपिक खेलों में रजत पदक जीत पाए थे। उसके बाद लंदन में भी दूसरे स्थान पर रहे थे। डिस्कस थ्रो में स्वीडन के डेनियल स्टाह्ल ने बाजी मारी और 67.59 मीटर दूरी तक डिस्कस फेंक पहला स्थान हासिल किया। हैमर थ्रो में पोलैंड के पावेल फेजेक ने 80.50 मीटर की दूरी को छुआ और गोल्ड जीता। जेवेलिन में एक बार फिर युवा थ्रोअर ने सभी का दिल जीत लिया। ग्रेनाडा के 21 साल के एंडरसन पीटर्स ने 86.89 मीटर दूर भाला फेंकते हुए विश्व चैंपियन का खिताब जीता। जर्मनी के वेटर को कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा।

महिलाओं के थ्रोईंग ईवेंट्स में चीन की लिजिआओ गौंग ने 19.55 मीटर दूरी तक गोला फेंकते हुए स्वर्ण पदक जीता। डिस्कस थ्रो में क्यूबा की यामी पेरेज़ ने 69.17 मीटर दूरी तक डिस्कस फेंका, पेरेज़ का ये पहला वर्ल्ड चैंपियनशिप खिताब है। हैमर थ्रो का गोल्ड अमेरिका के नाम रहा। डिआना प्राइस ने 77.54 मीटर दूरी तक हैमर थ्रो कर वर्ल्ड चैंपियन बनीं। 26 साल की डिआना का ये पहला अंतर्राष्ट्रीय स्तर का पदक है। वहीं जेवेलिन थ्रो में भी इस बार नई वर्ल्ड चैंपियन देखने को मिली। अपने अंतिम थ्रो में ऑस्ट्रेलिया की केल्सी ली बार्बर ने सभी को चौंकाते हुए स्वर्ण पर कब्जा जमाया। बार्बर ने 66.56 मीटर दूरी तक भाला फेंका।

इस बार दोहा वर्ल्ड चैंपियनशिप में युवा एथलीटों का दबदबा रहा और 21 साल के कई चैंपियन खिलाड़ी देखने को मिले जिन्होंने तजुर्बेकार खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। अगले साल उम्मीद यही है कि टोक्यो ओलंपिक्स में हमें इन्हीं खिलाड़ियों को अपना प्रदर्शन दोहराते हुए देखने को मिले।

फील्ड ईवेंट के विजेता – दोहा वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप

जंपिंग ईवेंट के विजेता
  पुरुष विजेता महिला विजेता
ईवेंट विजेता टाइम विजेता टाइम
लांग जंप टेजे गेल JAM 8.69 mtrs  मलाइका मिहाम्बो GER 7.30 mtrs
ट्रिपल जंप  क्रिश्चियन टेलर USA 17.92 mtrs यूलीमार रोयास VEN 15.37 mtrs
हाई जंप

 

मुताज़ बार्शिम QTR 2.37 mtrs मारिया लातिसकेने ANA 2.04 mtrs
पोल वॉल्ट  सैम केंड्रीक्स USA 5.97 mtrs एंज़ेलिका सिदोरोवा ANA 4.95 mtrs
थ्रोईंग ईवेंट के विजेता
  पुरुष विजेता महिला विजेता
ईवेंट विजेता टाइम विजेता टाइम
शॉट पुट जो कोवाक्स USA 22.91 mtrs  लिजिआओ गौंग CHN 19.55 mtrs
डिस्कस थ्रो डेनियल स्टाह्ल SWE 67.59 mtrs यामी पेरेज़    CUB 69.17 mtrs
हैमर थ्रो पावेल फेजेक POL 80.50 mtrs डिएना प्राइस USA 77.54 mtrs
जेवलिन थ्रो  एंडरसन पीटर्स  GRN 86.89 mtrs केल्सी ली बार्बर AUS 66.56 mtrs
मल्टीपल ईवेंट
हेप्टाथलान ( सिर्फ महिलाओं के 7 ईवेंट)  विजेता  अंक
 100 मी. हर्डल्स, 200 मी., 800मी.  लांगजंप, हाईजंप, शॉटपुट, जेवेलिन थ्रो  कैटरिना जॉनसन थॉम्पसन GBR 6981
डेकाथलान ( सिर्फ पुरुषों के 10 ईवेंट )  विजेता अंक
100 मी., 110 मी. हर्डल्स, 400 मी., 1500मी.   लांग जंप, हाईजंप, पोल वाल्ट, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जेवेलिन थ्रो निकलास कौल GER 8691