
अंतर्राष्ट्रीय पॉप स्टार केटी पेरी भारत आने के दौरान अपने हर पल का आनंद लेना चाहती हैं। इस सप्ताहांत में भारत में परफॉर्म करने वाली अमेरिकन पॉप दिवा ने कहा कि वह ‘सभी भारतीय चीजों में शामिल होना चाहती हैं।’ वनप्लस म्यूजिक फेस्टिवल, जिसमें केटी परफॉर्म करने वाली हैं, उसके लॉन्च प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से मुखातिब केटी ने कहा, “मैं हमेशा से मुंबई आना चाहती थी। मैं यहां एक-दो जगहों पर रही हूं। मैंने यहां सात साल पहले क्रिकेट मैच में परफार्म किया था और राजस्थान में कुछ मजेदार वक्त भी बिताए हैं। लेकिन मैं हमेशा से मुंबई आना चाहती थी, क्योंकि यह काफी मजेदार जगह है और यहां पर कला-संस्कृति, मनोरंजन और बॉलीवुड में बहुत कुछ है। ऐसे मैं सच में उन सभी भारतीय चीजों में शामिल होने के लिए उत्साहित हूं।”
पॉप स्टार ने आगे कहा, “इस फेस्टिवल को लेकर मैं काफी उत्साहित हूं। मैंने विशेष शो बहुत कम किए हैं। फिलहाल मैं बहुत कम शो कर रही हूं, लेकिन मैंने इस शो को करने का फैसला किया। यह मेरे लिए इस साल का सबसे महत्वपूर्ण शो है, क्योंकि मैं हमेशा से मुंबई आना चाहती थी। मैं अपने भारतीय प्रशंसकों को सोशल मीडिया पर काफी चाव से सुनती हूं और वनप्लस एक पार्टनर के तौर पर काफी बेहतरीन है।”
पेरी ने आगे कहा, “मैं इस सप्ताह मुंबई में खुद को यहां की संस्कृति में सराबोर करने के लिए पूरी तरह से उत्साहित हूं और अगर इसे लेकर किसी के पास कोई सुझाव है, तो मैं उस पर जरूर अमल करूंगी। मैं अपने कमरे में नहीं रुकती हूं, न ही मैं अपने कमरे में किसी चीज को ऑर्डर करती हूं। मुझे बाहर निकलना पसंद है, मुझे लोग, संस्कृति, परंपरा से लगाव है, मुझे यह सब बहुत पसंद है, इसलिए आप मुझे सड़कों पर देख सकेंगे।”
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website