
पाकिस्तान के स्पिनर यासिर शाह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए अपने करियर का पहला शतक लगा दिया है। पाकिस्तान का टाॅप आर्डर ध्वस्त होने के बाद मिडल आर्डर में भी अकेले बाबर आजम ही बड़ी पारी खेल सके। हालांकि इस दौरान वह शतक से चूक गए और 97 पर पवेलियन लौट गए। लेकिन आठवें नम्बर पर उतरे यासिर ने सभी को हैरान करते हुए 113 रन की शतकीय पारी खेली।
टेस्ट क्रिकेट में स्टीव स्मिथ को 7वीं बार आउट करने के लिए चर्चा में रहने वाले यासिर को 99 रन पर जीवनदान मिला। इसका पूरा फायदा उठाते हुए उन्होंने अपना पहला शतक पूरा किया। यासिर ने 113 रनों की पारी के दौरान 213 गेंदों का सामना किया और 13 चौके लगाए। हालांकि वह इतनी बड़ी पारी में एक भी छक्का नहीं लगा पाए। अंत में उन्हें पैट कमिंस की गेंद पर लियोन के हाथों कैच आउट होना पड़ा।
ये रिकार्ड किया अपने नाम
इस शतक के साथ ही यासिर ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। यासिर 8वें नंबर पर शतक लगाने वाले पाकिस्तान के नौंवें बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं टेस्ट क्रिकेट में तीन साल के इंतजार के बाद किसी आठवें नंबर के बल्लेबाज ने शतक लगाया है। इससे पहले साल 2016 में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा ने रांची में शतक लगाया था। उस दौरान साहा ने 117 रन की पारी खेली थी।
यासिर और आजम की बदौलत पाकिस्तान पहली पारी में 302 रन ही बना सकी। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 589 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया बिना खेले अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी जिसके जवाब में अब पाकिस्तान की टीम खेल रही है और टीम ने 40 पर अपने तीन विकेट गंवा लिए हैं जिसमें इमाम उल हक, कप्तान अजहर अली और बाबर आज़म के अहम विकेट्स शामिल हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website