
अमेरिका के न्यू जर्सी में भारतीय मूल के एक पिता-पुत्री की मौत कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से हो गई। दोनों ही पेशे से डॉक्टर थे। गवर्नर फिल मर्फी ने उनकी मौत पर दुख जताते हुए कहा कि दोनों ने ही अपना जीवन लोगों की सेवा में बिताया।
न्यूजर्सी के 78 वर्षीय सत्येंद्र देव खन्ना एक सर्जन होने के साथ ही साथ कई अस्पतालों में सर्जरी प्रमुख के तौर पर भी सेवा दे चुके हैं। वहीं उनकी 43 वर्षीय बेटी प्रिया खन्ना आंतरिक चिकित्सा और नेफ्रोलॉजी की विशेषज्ञ थी। वह यूनियन हॉस्पिटल में चीफ ऑफ रेजीडेंट्स थीं जो कि अब आरडब्ल्यूजे बार्नाबास हेल्थ का हिस्सा है।
न्यू जर्सी के गवर्नर ने बृहस्पतिवार को ट्वीट किया कि डॉक्टर सत्येंद्र देव खन्ना और डॉ प्रिया खन्ना पिता-पुत्री थे। दोनों ने ही अपना जीवन दूसरों की मदद करते हुए बिताया। यह एक ऐसा परिवार था जो स्वास्थ्य और उपचार क्षेत्र के प्रति समर्पित था। हमारे शब्द हमारी संवेदनाओं को प्रकट नहीं कर सकते हैं।” दोनों की मौत क्लारा मास मेडिकल सेंटर में हो गई। डा. सत्येन्द्र की पत्नी कमलेश खन्ना भी बाल रोग चिकित्सक हैं। उनकी दो और बेटियां, सुगंधा खन्ना फिजिशियन है और अनीशा खन्ना अपनी मां की तरह ही बाल रोग विशेषज्ञ हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website