
सिडनी। सिडनी में जेल से फरार एक महिला ने जब टीवी पर अपनी फोटो देखी तो तुंरत टीवी चैनल को अपनी अच्छी फोटो इस्तेमाल करने को कह डाला। इस हरकत से ही इस महिला की दुनियाभर में चर्चा हो रही है। दरअसल 18 साल की एमी शार्प शुक्रवार को सर्री हिल्स सर्विस सेल कॉम्पलेक्स से भाग गई थीं। पुलिस ने बाद में इस वॉन्टेड महिला की दो तस्वीरें पब्लिक को आगाह करने के लिए जारी की थी। इन तस्वीरों में काले कपड़े पहने इस महिला ने लाल कंबल डाला हुआ था। दोनों फोटो को एक न्यूज चैनल ने खबर के साथ अपने फेसबुक पेज पर प्रकाशित किया। लेकिन इस पोस्ट पर सबसे पहला कमेंट जिसका आया वह खुद एमी शार्प ही थी। एमी ने फेसबुक पर अपने कमेंट में अपनी एक खूबसूरत तस्वीर अपलोड की, और लिखा कि, ‘क्या आप यह तस्वीर इस्तेमाल कर सकते हैं, प्लीज… और शुक्रिया… आपकी एमी शार्प’। एमी ने यह कमेंट अपनी ही प्रोफाइल से किया था, जो अभी भी उस पोस्ट पर उपलब्ध है। हालांकि नई अपडेट के मुताबिक एमी गिरफ्तार हो चुकी है। सोशल मीडिया पर एमी की इस हरकत को लेकर काफी कमेंट किए गए, वहीं हजारों लोगों ने एमी शार्प के कमेंट को पसंद भी किया।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website