
आर्मीनिया और अजरबैजान के बीच युद्ध में एंट्री लेने के बाद रूस के एक हेलिकॉप्टर पर हमले की खबर सामने आई है। सोमवार को आर्मीनिया के यरस्ख गांव के इलाके में एक रूसी विमान एमआई-24 को अज्ञात बलों ने जमीन पर मार गिराया। इस हमले में हेलिकॉप्टर क्रू के दो सदस्यों की मौत हो गई। वहीं एक अन्य गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। मंत्रालय ने कहा कि विमान के एक मिसाइल से टकराने के बाद नियंत्रण खो देने से यह हादसा हुआ। जिस समय हेलिकॉप्टर पर निशाना लगाया गया था, उस समय वह आर्मीनिया के क्षेत्र में स्थित रूस के 102वीं मिलिट्री बेस की सुरक्षा में लगा था। रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि हेलिकॉप्टर के दो क्रू मेंबर्स की इस हमले में मौत हो गई। वहीं एक अन्य बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रूसी सेना कर रही जांच : मंत्रालय ने बताया कि रूसी हेलिकॉप्टर पर हमला करने वाले का पता नहीं चल पाया है। 102वीं सैन्य अड्डे की कमांड इसकी जांच कर रही है। खास बात यह है कि जिस जगह पर हेलिकॉप्टर पर हमला किया गया वह नागोर्नो-कारबाख में सक्रिय युद्धक्षेत्र के अंतर्गत नहीं आता। बता दें कि महीने भर से भी ज्यादा समय से जारी आर्मीनिया और अजरबैजान के बीच युद्ध में रूस ने भी सीधी एंट्री ले ली है।
बीते दिनों रूसी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा था कि यदि अजरबैजान सीधे तौर पर आर्मीनिया के इलाकों पर हमला करता है तो वह आर्मीनिया को हर संभव सहायता देगा। इससे पहले आर्मीनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिनियन ने भी रूस से तत्काल सहायता की मांग की थी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website