Wednesday , June 24 2026 2:45 AM
Home / News / म्‍यामांर में सैन्‍य तख्‍तापलट, देश की नेता आंग सांग सू की अरेस्‍ट, एक साल के लिए आपातकाल लागू

म्‍यामांर में सैन्‍य तख्‍तापलट, देश की नेता आंग सांग सू की अरेस्‍ट, एक साल के लिए आपातकाल लागू

म्‍यांमार में सेना ने देश की नेता आंग सांग सू की और राष्‍ट्रपति यू विन म्यिंट को अरेस्‍ट कर लिया है। सत्‍तारूढ़ पार्टी NLD के प्रवक्‍ता ने यह जानकारी दी है। स्‍थानीय मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि सेना ने एक साल के लिए आपातकाल लगा दिया है और पूर्व जनरल तथा उपराष्‍ट्रपति मिंट स्‍वे को कार्यकारी राष्‍ट्रपति बनाया गया है। उन्‍हें सेना प्रमुख का भी दर्जा दिया गया है। सड़कों पर सेना तैनात है और फोन लाइनों को बंद कर दिया गया है।
इससे पहले एनएलडी के प्रवक्‍ता मयो न्‍यूंट ने कहा कि राष्‍ट्रपति आंग सांग सू की और पार्टी के अन्‍य वरिष्‍ठ नेताओं को सेना ने सोमवार अल सुबह छापेमारी की कार्रवाई के बाद हिरासत में ले लिया है। उन्‍होंने कहा कि सुबह-सुबह राष्‍ट्रपति आंग सांग सू की और अन्‍य नेताओं को ‘उठाया’ गया। मयो ने आशंका जताई कि उन्‍हें भी जल्‍द ही हिरासत में लिया जा सकता है।
यंगून शहर में हर तरफ सेना को तैनात कर दिया गया : सैन्‍य तख्‍तापलट की आशंका के बीच सोमवार सुबह से ही राजधानी नेपीडॉ में फोन लाइन काम नहीं कर रही हैं। देश के चुनाव में नोबेल शांति पुरस्‍कार विजेता आंग सांग सू की की पार्टी NLD की जोरदार जीत के बाद आज म्‍यांमार में संसद की बैठक होने वाली थी। सेना ने इस ‘तख्‍तापलट’ पर अभी कोई बयान नहीं दिया है। एक प्रत्‍यक्षदर्शी ने बताया कि यंगून शहर में हर तरफ सेना को तैनात कर दिया गया है। वहीं सरकारी टीवी ने कहा है कि वह तकनीकी कारणों से प्रसारण करने में अक्षम है।
इससे पहले म्यांमार में तख्तापलट की साजिश रचे जाने की खबरों के बीच देश की सेना ने रविवार को दावा किया था कि वह संविधान की रक्षा और पालन करेगी और कानून के मुताबिक ही काम करेगी। इस बयान के साथ सेना ने सैन्‍य तख्‍तापलट की आशंका को खारिज किया था। म्यांमार में 1962 में तख्तापलट किया गया था जिसके बाद 49 साल तक सेना का शासन रहा।
‘गलत तरीके से पेश किया बयान’ : दरअसल, संयुक्त राष्ट्र महासचिव ऐंटोनियो गुतारेस और म्यांमार में पश्चिमी राजदूतों ने इसे लेकर आशंका जाहिर की थी। इसके बाद देश की सेना तत्पदौ (Tatmadaw) ने कहा है कि उसके कमांडर इन चीफ सीनियर जनरल मिन आंग लाइंग के बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। सेना ने कहा है, ‘तत्पदौ 2008 के संविधान की रक्षा कर रही है और कानून के मुताबिक ही काम करेगी। कुछ संगठन और मीडिया जो चाहते हैं, उसे मान लिया है और लिखा है कि तत्पदौ संविधान को खत्म कर देगी।’
‘लोगों की इच्छाओं को हो सम्मान’ : सेना की इस बयान को आंग सान सू ची की सत्ताधारी नैशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी पार्टी (NLD) ने ‘उपयुक्त सफाई’ बताया है। NLD प्रवक्ता म्यो न्युंट ने कहा है, ‘पार्टी चाहती थी कि सेना ऐसा संगठन हो जो चुनाव को लेकर लोगों की इच्छाओं को स्वीकार करे।’ नवंबर में हुए चुनाव में पार्टी ने भारी जीत दर्ज की थी। म्यांमार का संविधान सेना को संसद में 25% सीटें और तीन मंत्रालय का अधिकार देता है।
संविधान खत्म करने की चेतावनी : संसद के नए सत्र से पहले सेना ने चेतावनी दी थी कि चुनाव में वोट के फर्जीवाड़े की शिकायत पर अगर ऐक्शन नहीं लिया गया तो सेना ‘ऐक्शन लेगी।’ दरअसल, इस हफ्ते राजनीतिक तनाव बढ़ गया था जब सेना के प्रवक्ता ने तख्तापलट की संभावनाओं को खारिज करने से इनकार कर दिया था। वहीं, कमांडर इन चीफ ने यहां तक कह दिया था कि अगर संविधान का पालन नहीं किया गया तो उसे वापस ले लिया जाएगा। उन्होंने पहले ऐसा किए जाने की घटनाओं का जिक्र भी किया था। वहीं, सेना ने सफाई दी है कि कमांडर इन चीफ संविधान की अहमियत समझाना चाहते थे।
देशभर में हुए प्रदर्शन : विवाद के बीच सेना के समर्थन में देश के कई बड़े शहरों में प्रदर्शन भी हुए थे। शनिवार को देश की आर्थिक राजधानी यंगून में 200 लोगों ने बैनरों के साथ सेना के समर्थन में मार्च भी निकाला। लोग देश में विदेशी दखल का विरोध भी कर रहे हैं। वहीं, म्यांमार के निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को सेना के आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि वोटों को फर्जी करार देने लायक गलतियां नहीं पाई गई हैं।