
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने बृहस्पतिवार को कोविड-19 रोधी टीका लगवाया और अपने देश के लोगों से महामारी के मामलों में वृद्धि को रोकने के लिए नियमों का पालन करने का आग्रह किया।
खान के कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री इमरान खान को आज टीका लगाया गया। इस अवसर पर उन्होंने देश के लोगों से महामारी की तीसरी लहर के मद्देनजर मानक संचालन प्रक्रिया का पूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आग्रह किया।” पाकिस्तान ने इसके साथ ही कोरोना वायरस संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों में लॉकडाउन की भी घोषणा की।
हाल के दिनों में पाकिस्तान में कोरोना के मामलों में तेजी से इजाफा हुआ है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया है कि देश में लगातार कोविड-19 मामलों के बढ़ने के चलते पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 7.8 फीसदी हो गया है। नेशनल कमांड एंड ऑपरेटर सेंटर (NCOC) ने बताया है कि 24 घंटे में पाकिस्तान में कोरोना के चलते 61 लोगों ने जान गंवाई है।
फिर से लागू हुईं पाबंदियां : पाकिस्तान में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर कई शहरों में पाबंदियों को बढ़ा दिया गया है। करीब सात शहरों में फिर से लॉकडाउन लागू किया गया है। जिन इलाकों में वायरस का कहर सबसे ज्यादा है, वहां मौजूद शिक्षण संस्थानों को दो सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है। रमजान का महीना आने वाला है, ऐसे में पाकिस्तान के बाजारों में लोगों की भीड़ भी बढ़ने वाली है। अब इस समय ये देखना होगा कि क्या इमरान सरकार बाजारों को बंद करने का निर्णय लेती है या नहीं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website