
दक्षिणपूर्वी नाइजीरिया में हमलावरों ने एक जेल पर निशाना साधते हुए मशीन गन और ग्रेनेड से रातभर हमले किए और इसी बीच 1,800 से अधिक कैदी भागने में सफल रहे। प्राधिकारियों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। स्थानीय निवासी उचे ओकाफोर ने बताया कि इमो राज्य के ओवेरी कस्बे में देर रात दो बजे हमले आरंभ हुए, जो दो घंटे चले। प्राधिकारियों ने बताया कि बंदूकधारियों ने अन्य अनेक पुलिस एवं सैन्य इमारतों पर भी हमले किए।
नाइजीरिया जेल के प्रवक्ता फ्रांसिस एनोबोर ने कहा, ‘‘भागे कैदियों को फिर से गिरफ्तार करने के प्रयास जोर-शोर से किए जा रहे हैं।” पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने मशीन गन, ग्रेनेड और आईईडी से हमले किए। दक्षिण पूर्वी नाइजीरिया में दो सप्ताह पहले भी हिंसा हुई थी।
उस समय चार पुलिस थानों, सुरक्षा चौकियों और जेल के वाहनों पर हमलों में कम से कम 12 सुरक्षा अधिकारी मारे गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली थी, लेकिन नाइजीरिया के पुलिस महानिरीक्षक ने क्षेत्र में सक्रिय अलगाववादी ‘ईस्टर्न सिक्योरिटी नेटवर्क’ को जिम्मेदार ठहराया था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website