
पाकिस्तान में प्रधानमंत्री इमरान खान की सरकार ने विपक्षी नेता शहबाज़ शरीफ (68) का नाम ‘उड़ान प्रतिबंध’ सूची में शामिल कर उनके विदेश जाने पर रोक लगा दी है। no fly list में नाम आने के बाद अब वह उपचार के लिए देश से बाहर नहीं जा सकेंगे। शहबाज़ शरीफ ह भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे हैं। इस महीने के शुरू में लाहौर उच्च न्यायालय ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ (पीएमएल-एन) के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ के छोटे भाई शहबाज़ को इलाज के लिए विदेश जाने की अनुमति दे दी थी।
जमानत मिलने के बाद शहबाज़ को आठ मई को लंदन जाना था किंतु संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) की टीम ने उन्हें हवाई अड्डे पर रोक लिया और बताया कि उनका नाम अस्थायी राष्ट्रीय पहचान सूची (पीएनआईएल) में हैं जो देश छोड़ने पर अस्थायी रोक लगाती है। शहबाज़ को आठ मई को दोहा जाने वाली उड़ान से उतरना पड़ा। सोमवार को यहां एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए गृह मंत्री शेख रशीद अहमद ने कहा कि शहबाज़ का नाम संघीय कैबिनेट की मंजूरी के बाद निकास नियंत्रण सूची (ईसीएल) में है।
गृह मंत्रालय की एक विशेष समिति ने 12 मई को कैबिनेट को प्रस्ताव दिया था कि भ्रष्टाचार के मामलों के कारण शहबाज़ को देश छोड़ने से रोका जाना चाहिए। पिछले महीने जेल से छूटने के बाद शहबाज़ मेडिकल जांच के लिए लंदन जाना चाहते थे। गृह मंत्री ने कहा कि शहबाज़ ने विदेश यात्रा के लिए कोई मेडिकल दस्तावेज जमा नहीं कराए हैं और न ही अपनी बीमारी के इलाज के बारे में बताया था। पिछले हफ्ते शहबाज़ ने यात्रा काली सूची में अपना नाम शामिल किए जाने को चुनौती दी थी और एक बार इलाज के लिए विदेश जाने की अनुमति मांगी थी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website