
अमेरिकी सैनिकों की वापसी और तालिबान की बढ़ती हिंसा के बीच अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने कहा कि तालिबान अगले 100 वर्षों में भी अफगान सरकार को आत्मसमर्पण करने पर मजबूर नहीं कर सकता। राष्ट्रपति भवन में हुई एक कैबिनेट बैठक में गनी ने कहा कि तालिबान और उसके समर्थक देश में हो रहे खून-खराबे और तबाही के लिए पूरी तरह जिम्मेदार हैं लेकिन हम अपने क्षेत्रों की रक्षा के लिए तैयार हैं।
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हमदुल्ला मुहिब ने कहा कि तालिबान के क्षेत्र विस्तार का मतलब यह नहीं है कि अफगान उनका स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग अपने क्षेत्रों की रक्षा के लिए तैयार हैं। मुहिब ने यह भी बताया कि सात ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर जल्द ही अफगान राष्ट्रीय रक्षा और सुरक्षा बलों को सौंपे जाएंगे जो चल रहे संघर्ष को नियंत्रण में लाने में मदद करेंगे।
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने के अनुसार पिछले 24 घंटों में 200 से अधिक तालिबानी आतंकवादी मारे गए हैं। अफगान कमांडो बलों के कम से कम 10,000 सदस्य देश भर में तालिबान को खत्म करने में लगे हुए हैं। दूसरी ओर, तालिबान ने दावा किया कि उसने इसी अवधि में छह और जिलों पर कब्जा कर लिया है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website