Tuesday , February 10 2026 6:50 AM
Home / Sports / ओलंपिक स्पेशल – 100 मी. फर्राटा में कौन आगे बढ़ाएगा उसैन बोल्ट की विरासत ?

ओलंपिक स्पेशल – 100 मी. फर्राटा में कौन आगे बढ़ाएगा उसैन बोल्ट की विरासत ?

ओलंपिक खेलों के सबसे बड़ी और मशहूर रेस का नाम है पुरुषों की 100 मीटर फर्राटा रेस… 32वें ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों में इस बार रविवार को उस शख्स का फैसला होने जा रहा है जो विश्व एथलेटिक्स के महान धावक उसैन बोल्ट की विरासत को आगे बढ़ाएगा और पहनेगा 100 मीटर रेस का स्वर्ण पदक… पिछले तीन ओलंपिक खेलों से ये स्वर्ण जमैका के बोल्ट के खाते में जा रहा था लेकिन इस साल अमेरिका के पास पूरा मौका है कि 100 मीटर में एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित करे.. अब तक हुए 31 ओलंपिक खेलों में से 16 बार अमेरिका ने इस ईवेंट में अव्वल स्थान हासिल किया है…

सबसे प्रबल दावेदार- जिस एथलीट पर दुनिया भर की नजर है वो हैं ट्रेवॉन ब्रोमेल… कारण है उनके खाते में इस साल का सबसे तेज 9.77 सैकंड का समय… और ये टाइम निकालकर वो विश्व में 100 मीटर इतिहास के सातवें सबसे तेज दौड़ने वाले एथलीट बन गए हैं… 26 साल के ब्रोमेल इन दिनों बेहतरीन फॉर्म में हैं हालांकि रियो ओलंपिक में ब्रोमेल ने शिरकत की थी लेकिन पदक तक नहीं पहुंच पाए थे..और आठवें स्थान पर रहे थे…जबकि 4 गुणा 100 मीटर रिले रेस में गलत तरीके से बैटन पास करने की वजह से डिस्कवालिफाइ हो गए थे… हालांकि 2015 में हुई बीजिंग विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया था… साथ ही जून में हुए ओलंपिक ट्रायल में भी ब्रोमेल ने बेकर और कर्ली को पीछे छोड़ते हुए 9.80 सैकंड के समय के साथ अव्वल रहे थे…

9.90 सैकंड से कम में मिलेगा पदक – कोई भी एथलीट हो.. इतना तय है कि 1 अगस्त की शाम को जो भी एथलीट 9.90 सैकंड से कम का समय निकालेगा उसे ही स्वर्ण पदक पहनने का मौका मिलेगा.. कारण साफ है… अंतिम 8 में पहुंचने वाले सभी एथलीट 9.90 सैकंड से कम समय में ही 100 मीटर का फासला तय करेंगे… साथ ही ये इस बात पर भी निर्भर करेगा कि टोक्यो के ओलंपिक स्टेडियम का ट्रैक कितना फास्ट है…

वर्ल्ड रिकार्ड- इस ईवेंट का वर्ल्ड रिकार्ड 9.58 सैकंड का है जो कि जमैका के उसैन बोल्ट के खाते में है… साल 2009 में हुई बर्लिन वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान बोल्ट ने नया वर्ल्ड रिकार्ड बनाया था.. उसके पहले ये रिकार्ड जमैका के ही असाफा पॉवेल के नाम था जो कि 9.74 सैकंड का था… मौजूदा 100 मीटर धावकों के सामने ये वर्ल्ड रिकार्ड छूना बड़ी चुनौती से कम नहीं होगा….

अन्य दावेदार- ब्रोमेल को चुनौती देने के लिए जिन 6 एथलीटों का नाम सामने आ रहा है वो सभी स्वर्ण पदक जीतने के प्रबल दावेदार हैं… इसमें सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका के अकानी सिम्बिनी का नाम आता है जो फिलहाल बेहतरीन फार्म में दिखाई दे रहे हैं क्योंकि वो 9.84 सैकंड के साथ वर्ष के दूसरे सबसे सवश्रेष्ठ समय के स्वामी हैं… लेकिन इस रेस में टक्कर देने केलिए अमेरिका के दो एथलीट रॉनी बेकर और फ्रेड कर्ली भी पीछे नहीं हैं…क्योंकि अमेरिकी ओलंपिक ट्रायल के दौरान दोनों ही एथलीटों ने 9.85 और 9.86 सैकंड का समय लेकर 100 मीटर का फासला पूरा किया है… जमैका के योहान ब्लैन ने इस साल 9.95 सैकंड का समय निकाला है वहीं चीन के बिन्तियांग सू भी 10 सैकंड से कम यानी 9.98 सैकंड का समय निकाल चुके हैं लिहाजा अंतिम 8 में पहुंचने के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं… कनाडा के आंद्रे डिग्रास के खाते में भी 9.99 सैकंड का समय है और उनकी चपलता और गति इस बार खेल प्रेमियों को चौका सकती है…

कब होगी रेस- पुरुषों की 100 मीटर रेस की हीट्स शनिवार, 31 जुलाई को भारतीय समय के मुताबिक सुबह 8 बजे और शाम को चार बजे से शुरू होगी… जबकि तीन सेमीफाइनल्स मुकाबले रविवार 1 अगस्त को शाम 4 बजे से होंगे… और फिर होगा फाइनल मुकाबला जो कि रविवार 1 अगस्त को ही टोक्यो के ओलंपिक स्टेडियम में शाम 6.30 बजे होगा… उस वक्त टोक्यो में रात के 10 बजे का समय होगा… यही रेस तय करेगी कि कौन आगे बढ़ाएगा उसैन बोल्ट की विरासत को आगे… तो रविवार की शाम का खेल प्रेमियों को इंतज़ार रहेगा…

(लेख : विवेक शर्मा)