Friday , March 6 2026 3:15 AM
Home / Sports / पुरुषों की 200 मी. रेस में नोआह लाइल्स और आंद्रे डि ग्रास की टक्कर

पुरुषों की 200 मी. रेस में नोआह लाइल्स और आंद्रे डि ग्रास की टक्कर

पुरुषों की 100 मीटर फर्राटा रेस के बाद अगली रेस जिसका खेल प्रेमियों को इंतजार है वो पुरुषओं की 200 मीटर रेस। जिस तरह से टोक्यो के ओलंपिक स्टेडियम में रिकार्ड्स धराशाई हो रहे हैं इस रेस में भी नया रिकार्ड बनने की उम्मीद जताई जा रही है। इस मुकाबले को जीतने के लिए अमेरिका के नोआह लायेल्स सबसे तगड़े दावेदार माने जारहे हैं क्योंकि लाइल्स साल 2021 की विश्व एथलेटिक्स रैंकिंग में नंबर एक पर हैं । इसके अलावा इस साल का सबसे तेज 19.74 सैकंड का समय भी लाइल्स के नाम ही है। ये समय उन्होंने ओलंपिक ट्रायल के दौरान निकाला था। इतना ही नहीं दोहा 2019 में हुई वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लाइल्स ने ही 19.83 सैकंड के साथ बाजी मारी थी और पिछले चार साल से वर्ल्ड का सबसे तेज टाइमिंग भी नोआह लाइल्स ने ही दर्ज किया है। सेमीफाइनल में लाइल्स ने 19.99 का समय निकालते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाइ किया।

अन्य दावेदार- इसके बाद अमेरिका के ही केन बेदनारेक हैं जिन्होंने सेमीफाइनल में 19.83 सैकंड का समय लेते हुए पदक की दावेदारी की है। हालांकि बेदनारेक अमेरिकी ओलंपिक ट्रायल के दौरान 19.78 सैकंड का समय निकाल चुके हैं। इन दोनों ही खिलाड़ियों को टक्कर देने के लिए तैयार हैं कनाडा के आंद्रे डि ग्रास। छरहरी कद-काठी के बावजूद जबर्दस्त तेजी डि ग्रास की खूबी है इसलिए उन्हें भी काफी प्रबल दावेदार माना जा रहा है। सेमीफाइनल का सबसे तेज 19.73 सैकंड का समय निकालकर डि ग्रास ने अपनी चुनौती पुख्ता कर दी है। डि ग्रास दोहा वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मैडल जीत चुके हैं।

वर्ल्ड रिकॉर्ड- 200 मीटर के इतिहास पर नजर दौड़ाएं तो वर्ल्ड रिकार्ड महान धावक जमैका के उसैन बोल्ट के नाम दर्ज है जो उन्होंने 2009 में बर्लिन में हुई विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान 19.19 सैकंड के समय के साथ बनाया था। इतना ही नहीं बीजिंग 2008, लंदन 2012 और रियो 2016 ओलंपिक खेलों में 200 मीटर का स्वर्ण पदक भी बोल्ट के नाम ही है। वहीं 2009 से 2015 तक हुई विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी बोल्ट ही अव्वल रहे।

कब होगी रेस- पुरुषों की 200 मीटर रेस का फाइनल मुकाबला बुधवार, 4 अगस्त को भारतीय समय के मुताबिक शाम 6.30 बजे से होगा। उस वक्त टोक्यो में रात के 10 बजे होंगे और इसी रेस में उसैन बोल्ट की विरासत को आगे बढ़ाने वाले एथलीट के नाम का खुलासा भी हो जाएगा।

लेख : विवेक शर्मा