Wednesday , March 4 2026 2:59 AM
Home / Sports / अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स का नया सीज़न शुरू, कई वर्ल्ड रिकार्ड खतरे में

अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स का नया सीज़न शुरू, कई वर्ल्ड रिकार्ड खतरे में

लेखक : विवेक शर्मा

अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स का नया सीज़न शुरू हो चुका है और इन दिनों वर्ल्ड एथलेटिक्स द्वारा करवाई जा रहे कॉन्टिनेंटल गोल्ड टूर में दुनिया के नामी-गिरामी एथलीट अपना बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले दिनों केन्या में खेली गई स्पर्धा में महिलाओं की 100 मीटर फर्राटा रेस में शैली एन्न फ्रेज़र प्राइस ने सीज़न की अपनी पहली रेस में धमाकेदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 10.67 सैकंड में रेस पूरी कर अपने बेहतरीन फॉर्म और तैयारी का परिचय दे दिया। वहीं 8 मई को टोक्यो में हुई मीटिंग में अमेरिका के क्रिश्चियन कौलेमन ने 10.09 सैकंड में रेस पूरी कर अपनी फिर से आगमन की रणभेरी बजा दी। वहीं आगामी स्पर्धाओं में डबल ओलंपिक चैंपियन और दुनिया की सबसे तेज जीवित महिला के खिताब से मशहूर जमैका की इलेन थॉम्पसन हेराह पर भी सभी की निगाहें होंगी। माना जा रहा है कि वे इस बार 100 मीटर रेस में अपने 10.54 सैकंड के अपने सर्वश्रेष्ठ टाइमिंग से भी कम समय निकाल सकती हैं। उनकी नजर 10.49सैकंड के विश्व रिकार्ड को तोड़ने पर होगी और उनकी सीधी टक्कर अपनी ही देश की शैली एन्न फ्रेज़र प्राइस से होने की संभावना है।

9 अप्रैल से बरमूडा में शुरू हुए वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर की दूसरी मीटिंग अमेरिका के वाल्नट में हुई थी। साथ ही 7 मई को केन्या में हुई तीसरी मीटिंग और 8 मई को टोक्यो में चौथी मीटिंग हो चुकी है। इस वर्ष ऐसी कुल 12 स्पर्धाएं होनी है और आखिरी मीटिंग सीज़न खत्म होते-होते 11 सितंबर को क्रोएशिया के ज़ागरेब में खेली जाएगी। 31 मई को ओस्ट्रावा में होने वाले अगले मुकाबले में भी कई नामी खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। भारत के ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा भी 6 जून को होने वाली मीट में दिखाई देंगे। वे भी इस साल विश्व चैंपियनशिप की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

कॉन्टिनेंटल टूर और डायमंड लीग में हिस्सा ले रहे सभी वर्ल्ड क्लास एथलीटों का इस साल सबसे बड़ा लक्ष्य विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप हैं जो कि इस साल 15 से 24 जुलाई के बीच अमेरिका के यूजिन में आयोजित होने जा रही है।

हर साल आयोजित होने वाली वांडा डायमंड लीग भी 13 मई से दोहा में प्रारंभ होने जा रही है। इस साल भी कुल 14 अलग-अलग मीटिंग्स खेली जाएंगीं जो अलग-अलग देशों में आयोजित होंगी। लीग का फाइनल मुकाबला 7-8 सितंबर को ज़्यूरिख में खेला जाएगा। इस बार अधिकतर मुकाबले यूरोप में ही खेले जाएंगें। अमेरिका के ओरेगौं के हेयवर्ड फिल्ड स्टेडियम में 28 मई को भी डायमंड लीग के मुकाबले होने वाले हैं और इसी स्टेडियम में जुलाई में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के भी मुकाबले होंगे।
जमैका, भारत, इंग्लैंड कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के एथलीटों को इस साल बर्मिंघम में होने वाले कॉमनवेल्थ खेलों में भी हिस्सा लेना है जो कि जुलाई-अगस्त माह में वर्ल्ड चैंपियनशिप के ठीक बाद होगी। लिहाजा सभी एथलीटों के लिए ये सीज़न काफी व्यस्त रहेगा।