Monday , March 2 2026 8:29 AM
Home / Off- Beat / बनाया विश्व रिकॉर्ड : बेटी की मौत के बाद मां ने नहीं काटे अपने नाखून, 43 फीट लंबे हो गए

बनाया विश्व रिकॉर्ड : बेटी की मौत के बाद मां ने नहीं काटे अपने नाखून, 43 फीट लंबे हो गए

अलग-अलग तरह के रिकॉर्ड्स बनाने को लेकर लोगों के बीच में क्रेज रहता है। वो जो करना चाहते हैं उसे दिल से करते हैं और फिर रिकॉर्ड बन जाता है। 63 वर्षीय एक महिला, जिनका नाम डायना आर्मस्ट्रांग है। उन्होंने एक अनोखा विश्व रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने पिछले 25 साल से अपने नाखून नहीं काटे। पता है, इसके बाद उनके नाखून की लंबाई (संयुक्त लंबाई) 42 फीट और 10 इंच हो गई है। इतने लंबे नाखून होने के बाद गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने डायना आर्मस्ट्रांग का नाम अपनी रिकॉर्ड बुक में शामिल किया है। लेकिन इतने लंबे नाखून करने के पीछे एक दर्दनाक कहानी है।
बस की लंबाई से भी लंबे हैं उनके नाखून : न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, डायना दावा करती हैं कि उनके नाखूनों की कुल लंबाई किसी डबल डेकर बस से भी ज्यादा लंबी है। साल 1997 में डायना ने आखिरी बार नाखून काटे थे। दरअसल, उनके 16 साल की बेटी की अस्थमा अटैक के कारण नींद में ही मौत हो गई थी। अपनी बेटी की मौत के बाद ही उन्होंने अपने नाखून नहीं काटे। उनकी बेटी ही उनके नाखूनों की सफाई करती थी। आखिरी बार उनकी बेटी ने ही उनके नाखून पर नेल पॉलिश लगाई थी। इसके बाद वो नाखून काटने की हिम्मत ही नहीं कर पाई।
लोगों को जज नहीं करना चाहिए : वो कहती हैं, ‘जब मैंने नाखून बढ़ाने का सोचा था, तो मुझे यह नहीं पता था कि मैं गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड बनाने वाली हूं। अब मैं लोगों को बताती हूं कि आपको लोगों को जज नहीं करना चाहिए, क्योंकि आपको नहीं पता कि वो किसी दौर से गुजर चुके हैं।
इतनी नेल पॉलिश लग जाती है : उनके नाखून इतने ज्यादा लंबे हैं कि उनके नाखूनों में 15 से 20 नेल पॉलिश की बोतलें लग जाती हैं। यहां तक कि अब वो कार भी नहीं चला सकती। उनकी पोती उनके नाखूनों का अब ध्यान रखती है। वो ही इसमें नेल पॉलिश लगाती है। वो बताती हैं कि आज भी उन्हें अपने नाखूनों को देखकर हर बार अपनी बेटी की ही याद आती है। उन्हें आज नेल पॉलिश करने में पांच घंटे लगते हैं। वहीं, डायना ने पिछले रिकॉर्ड धारक को पीछे छोड़ दिया है, जिसके नाखूनों की लंबाई 18 फीट 9.7 इंच थी।