Friday , December 26 2025 4:25 PM
Home / News / डोनाल्‍ड ट्रंप के फ्लोरिडा वाले घर पर हो रही हैं शादी की तैयारियां

डोनाल्‍ड ट्रंप के फ्लोरिडा वाले घर पर हो रही हैं शादी की तैयारियां

अमेरिका के पूर्व राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप की लाडली बेटी टिफनी ट्रंप शादी कर रही हैं। टिफनी की शादी 12 नवंबर को फ्लोरिडा के उसी मार-आ-लागो वाले घर में होने वाली है जो पिछले दिनों एफबीआई के छापों की वजह से सुर्खियों में था। अमेरिकी मीडिया की मानें तो ट्रंप खुद बेटी की शादी से जुडे़ हर इंतजाम पर नजर रखने वाले हैं। टिफनी, नाइजीरिया की राजधानी लागोस के माइकल बोलोस के साथ रिलेशनशिप में हैं और दोनों की सगाई हो चुकी है। पेज सिक्‍स की एक रिपोर्ट के मुताबिक बोलोस की फैमिली कई अरब डॉलर वाले बिजनेस की मालिक है। टिफनी, डोनाल्‍ड ट्रंप की सबसे छोटी बेटी हैं और उनकी लाडली हैं। ट्रंप खुद भी कई बार इस बात का ऐलान कर चुके हैं कि उन्‍हें अपनी इस बेटी पर बहुत गर्व है। जानिए कौन हैं टिफनी ट्रंप और उनके होने वाले पति माइकल।
10 करोड़ की सगाई की अंगूठी : अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक टिफनी ने व्‍हाइट हाउस में ही अपने ब्‍वॉयफ्रेंड माइकल की मुलाकात पिता से करवाई थी। माइकल बोलोस और टिफनी की मुलाकात उस समय हुई थी जब वह माइकोनोस में छुट्टियां बिताने गए थे। पीपुल्‍स मैगजीन के मुताबिक बोलोस ने टिफनी को व्‍हाइट हाउस के रोज गार्डन में 13 कैरेट एमराल्‍ड कट वाली डायमंड रिंग देकर प्रपोज किया था। इसकी कीमत 1.2 मिलियन डॉलर यानी भारतीय रुपयों में करीब 10 करोड़ रुपए है।
साल 2021 में जब ट्रंप ने व्‍हाइट हाउस छोड़ा तो उसके एक दिन बाद दोनों ने अपनी सगाई का ऐलान किया था। फ्लोरिडा के पाम बीच पर स्थित प्राइवेट क्‍लब पर शादी के फंक्‍शन होंगे। अगस्‍त में एफबीआई ने इस रिसॉर्ट पर छापे मारे हैं। इसी घर में एरिक और लारा ट्रंप की शादी भी साल 2014 में हुई थी। शादी में ट्रंप की पूर्व पत्‍नी मार्ला भी रहेंगी। शादी में करीब 500 मेहमान होंगे और हॉलीवुड की कई सेलिब्रिटीज भी इसमें शामिल होंगी।
लॉयर हैं टिफनी ट्रंप : डोनाल्‍ड ट्रंप 5 बच्‍चों के पिता हैं, डोनाल्‍ड ट्रंप जूनियर, इवांका, एरिक, टिफनी और बैरन ट्रंप। 28 साल की टिफनी, डोनाल्‍ड ट्रंप और मार्ला मेपल्‍स की बेटी हैं। पेशे से टिफनी एक लॉयर हैं और प्रतिष्ठित जॉर्जटाउन लॉ स्‍कूल से ग्रेजुएट हैं। ट्रंप जूनियर, इवांका और एरिक जहां पिता का बिजनेस संभालते हैं तो टिफनी की राह सबसे अलग है। पिता के राष्‍ट्रपति रहते टिफनी को बहुत कम बार व्‍हाइट हाउस में देखा गया। उन्‍हें दोनों भाईयों और बहन इवांका के साथ भी कम ही देखा गया है। टिफनी के लॉ ग्रेजुएट होने पर पिता डोनाल्‍ड ट्रंप काफी खुश थे। उन्‍होंने उस समय कहा था कि अब परिवार में एक वकील की भी एंट्री हो गई है।