
आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने घोषणा की है कि वह अपने महीनों लंबे ‘अनिश्चितकालीन सीजफायर’ को खत्म करने जा रहा है। संगठन ने पाकिस्तान सरकार पर अफगान तालिबान के समझौते का पालन न करने का आरोप लगाया है। टीटीपी प्रवक्ता मोहम्मद खोरासानी ने रविवार को अपने बयान में कहा कि पाकिस्तान सरकार ने वार्ता को सफल बनाने के लिए कोई प्रयास नहीं किए हैं इसलिए सीजफायर जारी रखना संभव नहीं है। टीटीपी ने सीजफायर को खत्म करने के पीछे कई कारण दिए हैं, जैसे- कैदियों की रिहाई न करना, सैन्य अभियान का जारी रहना और पाकिस्तान सरकार से संवाद की कमी।
पाकिस्तानी अखबार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक, आतंकवादियों ने दावा किया कि सरकार ने उनके कुछ कैदियों को रिहा किया था लेकिन फिर उन्हें दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया जो ‘समझौते का उल्लंघन’ है। सीजफायर को खत्म करते हुए टीटीपी के मुखिया मुफ्ती नूर वली ने कहा कि उन्होंने कभी वार्ता से इनकार नहीं किया और यह शरिया कानून का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इन वार्ताओं के दौरान कोई प्रगति नहीं हुई, लिहाजा सशस्त्र संघर्ष जारी रहेगा।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website