
भारतीय महिला क्रिकेट टीम का इंग्लैंड दौरा खत्म हो चुका है। टी-20 सीरीज गंवाने के बाद भारतीय महिलाओं ने वनडे सीरीज पर 3-0 से कब्जा किया। लॉर्ड्स में खेला गया आखिरी मैच तो हमेशा-हमेशा के लिए यादगार हो गया। अनुभवी खिलाड़ी और पूर्व कप्तान झूलन गोस्वामी ने इस मुकाबले से अपने इंटरनेशनल क्रिकेट का अंत किया तो दीप्ति शर्मा का मांकड़िंग रनआउट विवाद भी बरसों याद रखा जाएगा, लेकिन इनसब के बीच एक और अनहोनी हो गई।
भारतीय टीम की विकेटकीपर बैटर तानिया भाटिया के होटल के कमरे में कुछ अज्ञात लोग घुस गए और मौका देखकर उनका कई बेशकीमती सामान ले उड़े। तानिया ने अपनी आपबीती सोशल मीडिया पर शेयर की है। तानिया ने ट्वीट किया, ‘मैरियट होटल मैनेजमेंट से हैरान और निराश हूं। मेरे कमरे में चोरी हो गई। कैश, कार्ड, घड़ियां और आभूषण से भरा मेरा बैग चुरा लिया गया है। मैरियट होटल में कोई व्यव्स्था नहीं है। इस मामले की शीघ्र जांच और समाधान की उम्मीद है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के पसंदीदा होटल में इस तरह की घटना अचरज से भरी है। आशा है कि वे भी संज्ञान लेंगे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website