Saturday , August 9 2025 11:41 AM
Home / News / अमेरिका का परमाणु बम सूंघने वाला विमान, कितना खतरनाक है रूस के नजदीक उड़ रहा RC-135 एयरक्राफ्ट

अमेरिका का परमाणु बम सूंघने वाला विमान, कितना खतरनाक है रूस के नजदीक उड़ रहा RC-135 एयरक्राफ्ट


रूस के परमाणु हमले की आशंका के बीच अमेरिका ने बोइंग आरसी-135 विमान को तैनात कर दिया है। यह विमान परमाणु बम का पता लगाने में माहिर है। हजारों फीट की ऊंचाई से अपने हाईटेक कैमरे, रडार और सेंसर्स की मदद से यह विमान जमीन के अंदर मौजूद परमाणु हथियारों को खोज सकता है। इसमें हवा में मौजूद रेडिएशन की छोटी से छोटी मात्रा का पता लगाने की क्षमता है। यह विमान इन दिनों काला सागर में रूस की हवाई सीमा के नजदीक गश्त कर रहा है। अगर रूस ने जल, थल या नभ में से किसी भी माध्यम से परमाणु मिसाइल लॉन्च की तो यह विमान उसका पहले ही पता लगा लेगा। इस जानकारी के आधार पर अंतरिक्ष में मौजूद अमेरिकी सैटेलाइट्स उस मिसाइल के लक्ष्य की सटीक जानकारी दे सकते हैं। इससे हमले का प्रभाव से बचने और जवाबी कार्रवाई के लिए कुछ वक्त मिल सकता है। अमेरिकी वायु सेना में बोइंग आरसी-135 एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल टोही और गश्ती विमान के तौर पर किया जाता है।
आरसी-135 विमान को बोइंड ने बनाया है। इस विमान में जनरल डायनेमिक्स, लॉकहीड, एलटीवी, ई-सिस्टम्स और एल3 टेक्नोलॉजीज सहित कई कंपनियों के उपकरणों को लगाया गया है। बोइंग आरसी-135 विमान का इस्तेमाल अमेरिकी वायु सेना और ब्रिटेन की रॉयल एयरफोर्स करती है। यह दुनिया के सबसे बड़े टोही विमानों में से एक है। यह विमान अमेरिका और ब्रिटेन की सेनाओं और खुफिया एजेंसियों के लिए रीयल टाइम डेटा जुटाने, दुश्मन के क्षेत्र की जानकारी पाने, उसका विश्लेषण करने और मिले ऑउटपुट की जानकारी देने का काम करता है। बोइंग आरसी-135 विमान सी-135 स्ट्रैटोलिफ्टर के एयरफ्रेम पर आधारित है। 1961 से कई तरह के आरसी-135 विमान दोनों देशों की वायु सेना में कार्यरत हैं। बोइंग के मॉडल 717 पर आधारित सी-135 और केसी-135 विमानों के विपरीत आरसी-135 विमान को मॉडल 739 के रूप में मान्यता दी गई है। हालांकि बाद के समय में इस विमान में कई बड़े बदलाव भी किए गए हैं।