Tuesday , September 29 2026 9:19 PM
Home / Sports / डिफेंडिंग चैंपियंस की किस्मत पर आज होगा फैसला, आयरलैंड से कीवी टीम को रहना होगा सावधान

डिफेंडिंग चैंपियंस की किस्मत पर आज होगा फैसला, आयरलैंड से कीवी टीम को रहना होगा सावधान

टी20 वर्ल्ड कप 2022 का सुपर 12 राउंड धीरे-धीरे अपने अंतिम चरण में पहुंच रहा है। आज के दिन दो बड़े मुकाबले खेले जाएंगे। यह मुकाबले ग्रुप 1 के होंगे। आज के दिन इस ग्रुप से एक टीम को जहां सेमीफाइनल का टिकट मिल सकता है। वहीं डिफेंडिंग चैंपियंस की साख दांव पर लगी है। खास बात यह है कि पिछले विश्व कप की चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम इस बार सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भी मशक्कत कर रही है। वहीं रनर अप न्यूजीलैंड को बस एक जीत का इंतजार है, लेकिन उनके लिए आखिरी मैच में आयरलैंड की चुनौती आसान नहीं होगी।
अब अगर समीकरण की बात कर लें तो न्यूजीलैंड अभी तक इस ग्रुप में टॉप पर है। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम तीसरे स्थान पर है, लेकिन दोनों के अंक समान हैं। उधर इंग्लैंड दूसरे स्थान पर मजबूत स्थिति में बनी हुई है। अंग्रेज टीम का कंगारुओं से नेट रनरेट काफी बेहतर है। ऐसे में अगर आज ऑस्ट्रेलिया एक नॉर्मल जीत भी दर्ज करती है तो उन्हें फिर इंग्लैंड की श्रीलंका से शनिवार को हार की दुहाई करनी होगी। यानी शनिवार शाम आते-आते इस ग्रुप की दो फाइनलिस्ट टीमें तय हो जाएंगी। आज के दोनों ही मुकाबले एडिलेड ओवल में खेले जाएंगे। न्यूजीलैंड-आयरलैंड का मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9.30 बजे और ऑस्ट्रेलिया-अफगानिस्तान का दोपहर 1.30 बजे खेला जाएगा।
इस ग्रुप में न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया तीनों के 5-5 अंक हैं। न्यूजीलैंड का नेट रनरेट +2.233, इंग्लैंड का +0.547 और ऑस्ट्रेलिया का -0.304 है। ऐसे में जब आज न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जब अपना आखिरी मैच खेलने उतरेंगे तो कीवी टीम महज कैसी भी जीत के साथ सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लेगी। लेकिन होम टीम के लिए चीजें आसान नहीं हैं। उन्हें अफगानिस्तान की मजबूत गेंदबाजी के सामने बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।