Wednesday , April 1 2026 11:21 PM
Home / News / रूस पर परमाणु हमला करने वाले देश का धरती से नामोंनिशान मिटा देंगे… पुतिन की जहरीली चेतावनी

रूस पर परमाणु हमला करने वाले देश का धरती से नामोंनिशान मिटा देंगे… पुतिन की जहरीली चेतावनी


व्लादिमीर पुतिन ने चेतावनी दी है कि जो भी देश रूस पर परमाणु हमला करेगा, उसका धरती से सफाया कर दिया जाएगा। पुतिन ने यह भी कहा कि उनका देश अमेरिका की तरह पहले परमाणु हथियार का इस्तेमाल नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि रूस के अत्याधुनिक हाइपरसोनिक हथियार यह सुनिश्चित करेंगे कि रूसी सेना कभी भी हमले की स्थिति में मजबूती से जवाब दे सके। पुतिन ने यह भी दावा किया कि यूक्रेन में युद्ध के लिए अतिरिक्त सैनिकों की भर्ती करने की कोई आवश्यकता नहीं है। यूक्रेन में रूसी स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन 24 फरवरी से जारी है। पुतिन पहले ही यूक्रेन युद्ध को जारी रखने का ऐलान कर चुके हैं।
रूस पर हमला करने वाले देश का नामोंनिशान मिटा देंगे – पुतिन ने धमकी देते हुए कहा कि जो भी देश रूस पर परमाणु हमला करेगा, उसका चेहरा धरती से मिटा दिया जाएगा। उन्होंने इस दौरान रूस के पहले परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की संभावना से भी इनकार किया है। राष्ट्रपति पुतिन ने यह भी कहा कि हाल में ही भर्ती हुए 150,000 लड़ाके यूक्रेन में तैनात होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ऐसे में उन्होंने यूक्रेन में लड़ने के लिए अतिरिक्त सैनिकों को तत्काल बुलाने की आवश्यकता से इनकार किया। रूस ने सितंबर और अक्टूबर में 300000 से ज्यादा रिजर्व सैनिकों को बुलाया था।
सैनिकों का मोबिलाइजेशन खत्म हो चुका है – पुतिन ने बार-बार कहा है कि सैनिकों का मोबिलाजेशन खत्म हो चुका है। हालांकि उन्होंने इसे रोकने वाले आधिकारिक आदेश को जारी करने से इनकार किया है। ऐसे में आशंका है कि जल्द ही रूस में दूसरी बार रिजर्व सैनिकों को मोबिलाइज किया जा सकता है। इस बीच यूक्रेन में और अधिक आपातकालीन बिजली कटौती की घोषणा की गई है। यूक्रेन ठंड के बढ़ने से पहले अपने बर्बाद हुए बिजली संयंत्रों के मरम्मत की कोशिश कर रहा है। यूक्रेन के आधे से अधिक पावर सप्लाई ग्रिड और ऊर्जा संयंत्र रूसी हवाई हमलों में तबाह हो चुके हैं।
बिजली संकट का सामना कर रहा यूक्रेन – यूक्रेन के नेशनल ग्रिड ऑपरेटर यूक्रेनर्गो ने कहा है सर्दियों के मौसम के बीच सिस्टम बिजली की भारी कमी का सामना कर रहा है। सबसे ज्यादा कमी यूक्रेन के पश्चिमी इलाकों में है। दक्षिण-पूर्वी जापोरीज़्हिया क्षेत्र के गवर्नर ऑलेक्जेंडर स्टारुख ने कहा कि देश के सभी क्षेत्रों में ऊर्जा की कमी है। हमें जरूरत की एक तिहाई बिजली भी नहीं मिल पा रही है। राजधानी कीव, ओडेसा के दक्षिणी क्षेत्र और मध्य यूक्रेन में निप्रो में बिजली कटौती की सूचना मिली थी। यूक्रेन ने नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमले को युद्ध अपराध कहा है और लोगों से ओवन जैसे उपकरणों के उपयोग को कम करके ऊर्जा बचाने का आग्रह किया है।