
जापान के शिजुओका प्रांत के हमामात्सु शहर में समुद्र तट पर धातु की बनी एक रहस्यमय गेंद मिली है। इस आकार के किसी वस्तु को अभी तक सार्वजनिक तौर पर नहीं देखा गया है। यह गेंद इतनी विचित्र है कि हमामात्सु शहर के एंशुहामा बीच को लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। इस गेंद की खोजबीन के लिए जापानी सेल्फ डिफेंस फोर्स के बम निरोधक दस्ते को तैनात किया गया है। अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि यह अज्ञात वस्तु क्या है। देखने में यह समुद्री माइन की तरह लगती है, लेकिन इसका आकार सामान्य से काफी बड़ा है।
कैसी है यह रहस्यमय गेंद – जापानी मीडिया के अनुसार, इस रहस्यमय गेंद का व्यास 1.5 मीटर (4.9 फीट) है। यह धातु से बनी हुई है, जिसके दोनों किनारों पर धातु के हुक भी लगाए गए हैं। एक जापानी ब्रॉडकास्टर ने बताया कि गेंद को एक स्थानीय निवासी ने खोजा। उसने मंगलवार को स्थानीय समयानुसार लगभग 08.45 बजे पुलिस को फोन कर इस गेंद की जानकारी दी। जिसके बाद से पुलिस ने पूरे बीच को आम लोगों के लिए बंद कर दिया और लोगों की आवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि यह द्वितीय विश्व युद्ध का कोई बम हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
जापानी नौसेना और कोस्ट गार्ड भी सक्रिय – जापानी समाचार आउटलेट के अनुसार घटनास्थल पर पहुंचे विशेषज्ञों ने वस्तु की जांच की है। इसके अलावा, इस गोले की तस्वीरें जापान सेल्फ डिफेंस फोर्स और कोस्ट गार्ड को भेजी गई हैं अभी तक घटना के बारे में आधिकारिक तौर पर और कोई जानकारी नहीं दी गई है। जापान में आम लोगों के बीच इस रहस्यमय गोले की तस्वीर चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का मानना है कि यह दुश्मन देश की कोई चाल हो सकती है। हालांकि, इतने बड़े आकार के धातु के टुकड़े के समुद्र तट पर पहुंचने को लेकर कई तरह की थ्योरी भी दी जा रही है।
Home / News / World / जापानी समुद्र तट पर मिली रहस्यमय गेंद, बम निरोधक दस्ता कर रहा जांच, क्या आपने कभी देखा है
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website